अमेरिका और ईरान के बीच जारी शांति वार्ता के बीच कतर के रास लाफान स्थित प्रमुख प्राकृतिक गैस निर्यात टर्मिनल में रविवार रात बड़ा हादसा हो गया। ‘बरजान’ गैस सप्लाई प्लांट में काम के दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हुआ, जिसके बाद वहां भीषण आग लग गई। इस हादसे में कम से कम 54 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है, जबकि 18 लोग कई घंटों बाद तक लापता बताए गए।
राहत और बचाव अभियान जारी
विस्फोट के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव दल तुरंत सक्रिय हो गए। दमकल कर्मियों और आपदा प्रबंधन टीमों ने आग पर काबू पाने और लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया, जो लगातार जारी है।
कतर गृह मंत्रालय और कतरएनर्जी ने दी जानकारी
सरकारी ऊर्जा कंपनी ‘कतरएनर्जी’ के अनुसार, बरजान गैस सप्लाई प्लांट में तकनीकी कार्य के दौरान ये हादसा हुआ। शुरुआत में केवल कुछ लोगों के घायल होने की सूचना दी गई थी, लेकिन बाद में कतर के गृह मंत्रालय ने 54 लोगों के घायल होने की पुष्टि की। हालांकि, विस्फोट से हुए आर्थिक नुकसान का पूरा आकलन अभी तक नहीं हो पाया है।
ईरानी हमलों के बाद दोबारा शुरू किया जा रहा था टर्मिनल
अधिकारियों के अनुसार, ईरान के हमलों और होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव के कारण कतर ने पहले ही गैस उत्पादन रोक दिया था। हाल ही में अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत तथा क्षेत्रीय हालात में सुधार की उम्मीद के बाद कतर अपने एक्सपोर्ट टर्मिनल को दोबारा शुरू करने की तैयारी कर रहा था। इसी प्रक्रिया के दौरान यह बड़ा हादसा सामने आया।
वैश्विक ऊर्जा बाजार पर पड़ सकता है असर
कतर दुनिया के सबसे बड़े प्राकृतिक गैस उत्पादक देशों में शामिल है। ऐसे में उसके प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र में हुए इस विस्फोट का असर अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार पर भी देखने को मिल सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि उत्पादन लंबे समय तक प्रभावित रहा तो वैश्विक गैस आपूर्ति और कीमतों पर असर पड़ सकता है।
क्यों महत्वपूर्ण है बरजान गैस प्लांट?
बरजान गैस प्लांट कतर के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इस संयंत्र की क्षमता प्रतिदिन लगभग 1.4 अरब स्टैंडर्ड क्यूबिक फीट गैस उत्पादन की है। इस गैस का उपयोग मुख्य रूप से बिजली उत्पादन और समुद्री जल को शुद्ध कर पेयजल उपलब्ध कराने वाले संयंत्रों को संचालित करने के लिए किया जाता है। इस परियोजना में अधिकांश हिस्सेदारी कतर की है, जबकि एक छोटा हिस्सा एक अमेरिकी ऊर्जा कंपनी के पास है।
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच चिंता
मध्य पूर्व में जारी अस्थिरता और ऊर्जा आपूर्ति से जुड़े जोखिमों के बीच कतर के इस बड़े हादसे ने वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ा दी है। अब सभी की नजरें राहत कार्यों और गैस उत्पादन को दोबारा सामान्य करने के प्रयासों पर टिकी हुई हैं।
ये भी पढ़ें: ऑटो में सवारियों का ‘विश्व रिकॉर्ड’! पुलिस ने रोका तो गिनती करते-करते थक गए लोग





















