खेल

Neeraj Chopra एशियन गेम्स 2026 से बाहर, टखने की चोट ने बढ़ाई भारत की चिंता

Neeraj Chopra

भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर और दो बार के ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा (Neeraj Chopra) एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। टखने में लगी चोट के कारण नीरज ने मौजूदा सीजन के बाकी सभी मैचेज़ से बाहर रहने और पूरी तरह आराम करने का डिसीजन लिया है। उनके इस फैसले से एशियन गेम्स में भारत की मैडल की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।

नीरज चोपड़ा (Neeraj Chopra) ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी चोट की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि लुसाने डायमंड लीग में 88.05 मीटर का सीजन बेस्ट थ्रो करने के बाद वो खुद को अच्छी लय में महसूस कर रहे थे। लेकिन इसके बाद ट्रेनिंग के दौरान उनके टखने में लिगामेंट टियर हो गया।

चोट के बाद नीरज ने अपनी मेडिकल टीम और डॉक्टरों के साथ विस्तार से चर्चा की। इसके बाद उन्होंने मौजूदा सीजन के बचे हुए समय में प्रतिस्पर्धी मुकाबलों से दूर रहने और रिकवरी पर ध्यान देने का फैसला किया है।

एशियन गेम्स में भारत को लगा बड़ा झटका

नीरज चोपड़ा (Neeraj Chopra) के बाहर होने का सबसे बड़ा असर एशियन गेम्स 2026 में भारत की पदक उम्मीदों पर पड़ेगा। जापान के आइची-नागोया क्षेत्र में होने वाले एशियन गेम्स 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जाएंगे।

नीरज की गैरमौजूदगी इसलिए भी अहम है क्योंकि वह भारत के सबसे भरोसेमंद ट्रैक एंड फील्ड खिलाड़ियों में शामिल हैं और बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में लगातार देश के लिए पदक जीतते रहे हैं।

हाल में शानदार फॉर्म में थे नीरज

चोट से पहले नीरज चोपड़ा (Neeraj Chopra) शानदार लय में नजर आ रहे थे। लुसाने डायमंड लीग में उन्होंने 88.05 मीटर का थ्रो किया था, जो इस सीजन उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। इससे पहले भी वह लंबे समय तक चोट और फिटनेस संबंधी चुनौतियों से जूझते हुए प्रतिस्पर्धी एथलेटिक्स में वापसी कर चुके थे।

अब नीरज का पूरा ध्यान चोट से उबरने और फिटनेस हासिल करने पर रहेगा। भारतीय खेल प्रशंसकों के लिए यह खबर निराशाजनक जरूर है, लेकिन इस समय उनके लिए पूरी तरह स्वस्थ होकर वापसी करना सबसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

You may also like

More in खेल