महाराष्ट्र के सोलापुर शहर में एक महिला और उसके 15 महीने के बच्चे के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि महिला अपने पति के साथ B.Ed. का फॉर्म भरने के लिए सात रास्ता इलाके में पहुंची थी। फॉर्म भरने के बाद महिला अपने छोटे बच्चे के साथ वहां से लापता हो गई। घटना के बाद परिवार ने सदर बाजार पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, सोलापुर के हिरज गांव की रहने वाली 28 वर्षीय काजल नंदकुमार चव्हाण 24 सितंबर 2026 को अपने पति नंदकुमार चव्हाण और 15 महीने के बेटे अधविका के साथ सोलापुर के सात रास्ता इलाके में आई थी। परिवार का उद्देश्य B.Ed. का फॉर्म भरना था।
बताया गया है कि काजल ने सात रास्ता स्थित योगेश्वर नेट कैफे में फॉर्म भरवाया। इसके बाद वह अपने बच्चे के साथ वहां से चली गई, लेकिन कुछ समय बाद महिला और बच्चा दोनों का कोई पता नहीं चला। परिवार की ओर से आशंका जताई गई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने महिला और बच्चे को अपने साथ ले गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला के पति ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों में भी महिला और बच्चे के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की गई, लेकिन अब तक दोनों का पता नहीं चल पाया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर बाजार पुलिस थाने में अपहरण का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब महिला और बच्चे की तलाश में जुटी है। साथ ही सात रास्ता इलाके और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला और बच्चा आखिरी बार कहां और किसके साथ दिखाई दिए थे।
दिनदहाड़े महिला और छोटे बच्चे के इस तरह लापता होने की घटना से इलाके में भी चर्चा का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है और CCTV फुटेज तथा अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर महिला और बच्चे तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
ये भी पढ़ें: ठाणे: डॉक्टरों से मारपीट मामले में बड़ा मोड़, शिवसेना पार्षद Ramesh Mhatre ने किया सरेंडर



























