मुंबई के नेवल डॉकयार्ड से भारतीय नौसेना के संवेदनशील ठिकानों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस मामले में मुंबई पुलिस की कोलाबा पुलिस ने 21 वर्षीय अप्रेंटिस को गिरफ्तार किया है। पुलिस को शक है कि जिस इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए कथित तौर पर संवेदनशील रक्षा संबंधी सामग्री साझा की जा रही थी, उसका संपर्क पाकिस्तान में बैठे कुछ हैंडलर्स से हो सकता है। हालांकि, इस अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस इसकी जांच कर रही है।
राजस्थान के रहने वाले आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बंटी रामप्रकाश मीणा के रूप में हुई है। वह राजस्थान के करौली जिले का निवासी बताया जा रहा है और मुंबई के नेवल डॉकयार्ड में अप्रेंटिस के तौर पर काम करता था।
जानकारी के मुताबिक, मुंबई पुलिस की सोशल मीडिया डिजिटल लैब को एक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए भारतीय नौसेना के प्रतिष्ठानों से जुड़ी संवेदनशील तस्वीरें और वीडियो प्रसारित किए जाने की जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी और डिजिटल ट्रैकिंग की मदद से अकाउंट की जांच शुरू की। जांच के दौरान कथित तौर पर इस अकाउंट का संबंध बंटी रामप्रकाश मीणा से सामने आया, जिसके बाद 20 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
Official Secrets Act समेत कई धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ Official Secrets Act, Information Technology Act और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से 23 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने कथित तौर पर कौन-कौन सी संवेदनशील तस्वीरें और वीडियो साझा किए थे और यह सामग्री किन लोगों तक पहुंचाई गई।
इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप चैट की जांच
इस मामले में पुलिस आरोपी के इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप अकाउंट, चैट हिस्ट्री और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रही है। इसके अलावा मोबाइल फोन, सिम कार्ड और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए हासिल करने की प्रक्रिया भी चल रही है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी के संपर्क में कोई अन्य व्यक्ति भी था या नहीं। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि कथित तौर पर साझा की गई तस्वीरें और वीडियो किसी विदेशी हैंडलर तक पहुंचे थे या नहीं।
आरोपी के वकील ने आरोपों को बताया गलत
दूसरी ओर, आरोपी के वकील ने अपने मुवक्किल को निर्दोष बताते हुए पुलिस के आरोपों का खंडन किया है। बचाव पक्ष का दावा है कि संवेदनशील तस्वीरें अनजाने में सोशल मीडिया पर अपलोड हो गई होंगी।
फिलहाल मुंबई पुलिस इस पूरे मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संभावित उल्लंघन के तौर पर गंभीरता से जांच रही है। पाकिस्तान कनेक्शन, डिजिटल गतिविधियों और अन्य संभावित लोगों की भूमिका को लेकर जांच जारी है।
ये भी पढ़ें: घर, फ्लैट या दुकान खरीदने का मौका! PNB 26 नवंबर को करेगा देशभर में प्रॉपर्टी की ई-नीलामी

















