मुंबई के दक्षिणी इलाके भिंडी बाजार में स्थित हाजी इस्माइल हबीब मुसाफिरखाना एक बार फिर चर्चा में है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने इस जर्जर इमारत को गिराने की तैयारी की है। महानगरपालिका की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक, 18 और 19 नवंबर को पुलिस बंदोबस्त के बीच इमारत को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। यह वही परिसर है, जिसे अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम (Dawood Ibrahim) के पुराने घर और कार्यालय से भी जोड़कर देखा जाता है।
क्यों गिराई जा रही है मुसाफिरखाना की इमारत?
भिंडी बाजार के पाकमोडिया स्ट्रीट और सेकंड कूपर स्ट्रीट के जंक्शन पर स्थित इस इमारत को BMC ने C-1 श्रेणी की बेहद खतरनाक इमारत घोषित किया है। महानगरपालिका के मुताबिक, इमारत की हालत काफी खराब हो चुकी है और इसके गिरने से यहां आने वाले लोगों, आसपास के निवासियों और राहगीरों की जान को खतरा हो सकता है।
BMC का कहना है कि इस इमारत को खाली कराने और गिराने की प्रक्रिया पहले से चल रही है। इस मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट ने 31 अगस्त 2020 को भी आदेश पारित किया था। हालिया निरीक्षण में पाया गया कि इमारत के अधिकांश हिस्से खाली हो चुके हैं, लेकिन ग्राउंड फ्लोर पर स्थित प्रार्थना हॉल का इस्तेमाल अब भी किया जा रहा है।
सड़क चौड़ीकरण परियोजना में भी बन रही बाधा
इस इमारत को हटाने के पीछे एक और बड़ी वजह सेकंड कूपर स्ट्रीट का प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण है। BMC के अनुसार, इमारत का कुछ हिस्सा सड़क के प्रस्तावित अलाइनमेंट में आ रहा है। ऐसे में सड़क चौड़ीकरण का काम आगे बढ़ाने के लिए भी इस हिस्से को हटाना जरूरी बताया गया है।
प्रार्थना हॉल के लिए वैकल्पिक व्यवस्था का प्रस्ताव
इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद प्रार्थना हॉल को लेकर भी विवाद सामने आया है। BMC के अनुसार, सैफी बुरहानी अपलिफ्टमेंट ट्रस्ट (SBUT) की ओर से प्रार्थना हॉल का इस्तेमाल करने वालों को दो विकल्प दिए गए हैं।
पहले विकल्प के तहत पास के अन नसर टावर में अस्थायी प्रार्थना स्थल उपलब्ध कराने की बात कही गई है। वहीं, दूसरे विकल्प में किराये पर दूसरी जगह लेने के लिए आर्थिक सहायता देने का प्रस्ताव है। महानगरपालिका ने धार्मिक गतिविधियों से जुड़ी वस्तुओं और कुरान शरीफ को सम्मानपूर्वक सुरक्षित स्थान पर हटाने के निर्देश भी दिए हैं।
कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
BMC की कार्रवाई को लेकर कुछ स्थानीय नागरिकों और संबंधित ट्रस्ट से जुड़े लोगों ने आपत्ति जताई है। उनका दावा है कि इस मामले में वक्फ ट्रिब्यूनल और अदालत की ओर से यथास्थिति बनाए रखने के आदेश दिए गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि महानगरपालिका ने पर्याप्त समय दिए बिना जल्दबाजी में कार्रवाई का नोटिस जारी किया है।
स्थानीय विधायक अमीन पटेल और AIMIM नेता वारिस पठान ने भी इस कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए हैं। वारिस पठान ने बुलडोजर कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए लोगों से शांति बनाए रखने और कानून हाथ में नहीं लेने की अपील की है।
दाऊद इब्राहिम के पुराने ठिकाने के कारण भी चर्चा में है इलाका
भिंडी बाजार का पाकमोडिया स्ट्रीट इलाका अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम (Dawood Ibrahim) के पुराने पारिवारिक ठिकाने के रूप में जाना जाता है। बताया जाता है कि इसी परिसर में कभी उसका पुश्तैनी घर और कार्यालय हुआ करता था। यही वजह है कि मुसाफिरखाना को गिराने की प्रस्तावित कार्रवाई ने एक बार फिर इस इलाके को सुर्खियों में ला दिया है।
फिलहाल, BMC की प्रस्तावित कार्रवाई को लेकर इलाके में हलचल बनी हुई है। पुलिस बंदोबस्त के बीच होने वाली इस कार्रवाई में सबसे अहम सवाल यह है कि जर्जर इमारत को हटाने के दौरान प्रार्थना हॉल और आसपास के हिस्सों की सुरक्षा किस तरह सुनिश्चित की जाएगी।
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र में जब्त पाकिस्तानी क्रीम में मिला 48 हजार गुना ज्यादा मर्करी, जानें कितना खतरनाक है ये केमिकल
























