मुंबई: शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) की नेता शायना एनसी पर बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ने के आरोप को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में विवाद बढ़ गया है। इस मामले पर उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए शायना एनसी का बचाव किया है। उन्होंने साफ कहा कि कोई भी शिवसैनिक बालासाहेब ठाकरे का अपमान नहीं कर सकता, क्योंकि वे शिवसैनिकों के लिए आराध्य हैं।
दरअसल, सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ में वीर सावरकर को लेकर लिखी गई बातों के विरोध में शिवसेना नेताओं ने प्रदर्शन किया था। इसी दौरान शायना एनसी पर आरोप लगा कि उन्होंने बालासाहेब ठाकरे और कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर की तस्वीर फाड़ दी। इस घटना के बाद उद्धव ठाकरे गुट ने कड़ी नाराजगी जताई और शायना एनसी की आलोचना की।
शायना एनसी ने मणिशंकर अय्यर की तस्वीर फाड़ी: शिंदे
एकनाथ शिंदे ने विवाद पर सफाई देते हुए कहा कि शायना एनसी ने बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर नहीं फाड़ी थी, बल्कि तस्वीर में मौजूद मणिशंकर अय्यर का चेहरा फाड़ा था। शिंदे के मुताबिक, शायना एनसी ने उन्हें तस्वीर दिखाकर अपना पक्ष स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा, “शायना एनसी हों या कोई और, कोई भी शिवसैनिक बालासाहेब का अपमान नहीं कर सकता।”
वीर सावरकर के अपमान को लेकर कांग्रेस पर निशाना
शिंदे ने सोनिया गांधी की किताब में वीर सावरकर को लेकर लिखी गई टिप्पणियों पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी सावरकर का बार-बार अपमान करना गलत है और इसका विरोध होना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए सवाल उठाया कि खुद को हिंदुत्ववादी कहने वाले लोग सावरकर का विरोध करने वालों के साथ कैसे बैठ सकते हैं।
उद्धव ठाकरे गुट पर भी साधा निशाना
इस दौरान एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे गुट पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक रूप से शिवसेना को बदनाम करने के लिए झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। शिंदे ने कहा कि उनकी पार्टी बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा और सिद्धांतों को लेकर आगे बढ़ रही है।
इस बयान के बाद बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर को लेकर शुरू हुआ विवाद और राजनीतिक रूप से चर्चा में आ गया है। अब इस मामले में दोनों शिवसेना गुटों के बीच बयानबाजी तेज होने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: Dawood Ibrahim के पुश्तैनी घर पर चला BMC का बुलडोजर, भिंडी बाजार में भारी पुलिस बंदोबस्त

















