महाराष्ट्र

Crime News: संभाजीनगर में सनसनी, CCTV में कैद हुई हत्या की दिल दहला देने वाली वारदात

Crime News

Crime News: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दिनदहाड़े एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। ये घटना करमाड इलाके के एक पेट्रोल पंप पर हुई, जिसने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया है।

मृतका की पहचान 27 वर्षीय पूजा गावंडे के रूप में हुई है, जो शिवसमर्थ पेट्रोल पंप पर कर्मचारी के तौर पर काम कर रही थीं। गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे, जब वो अपने काम में व्यस्त थीं, तभी आरोपी अचानक वहां पहुंचा और उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में आरोपी ने उनका गला रेत दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

कैमरे में कैद हुई वारदात
इस पूरी घटना का वीडियो वहां लगे CCTV कैमरों में कैद हो गया है, जिससे पुलिस को जांच में अहम सुराग मिले हैं। शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी सत्यम गावंडे और मृतका के बीच पहले से जान-पहचान और कथित तौर पर प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि आपसी विवाद के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही करमाड पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा किया और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे कचनेर इलाके से हिरासत में ले लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

ये घटना एक बार फिर ये दिखाती है कि व्यक्तिगत विवाद किस तरह गंभीर अपराध का रूप ले सकते हैं, जिससे समाज में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ जाती है।

ये भी पढ़ें: Operation CyHawk 4.0: साइबर अपराध के खिलाफ दिल्ली पुलिस का मेगा ऑपरेशन, 600 गिरफ्तार, 8300 संदिग्ध निगरानी में

You may also like