विविध

विश्व चैम्पियनशिप के सबसे युवा दावेदार बने डी गुकेश, क्या तोड़ पाएंगे आनंद का रिकॉर्ड?

डी गुकेश
Image Source - Web

शतरंज की दुनिया में भारत का एक नया सितारा चमक उठा है! 17 वर्षीय डी गुकेश ने कैंडिडेट्स शतरंज टूर्नामेंट 2024 जीतकर विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है। वो महान विश्वनाथन आनंद के बाद एफआईडीई (FIDE) कैंडिडेट्स जीतने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।

डी गुकेश या डोम्माराजू गुकेश ने सोमवार, 22 अप्रैल को कनाडा के टोरंटो में आयोजित टूर्नामेंट के फाइनल में अमेरिकी खिलाड़ी हिकारू नाकामुरा को ड्रॉ पर रोककर इतिहास रचा है। 17 वर्षीय गुकेश ने 14 में से 9 अंक हासिल करते हुए टूर्नामेंट का खिताब जीता।

इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के 13वें दौर में फ्रांस के फिरोजा अलीरेजा को हराकर उन्होंने बढ़त बनाई थी, जो टूर्नामेंट जीतने की दिशा में निर्णायक साबित हुई। गुकेश की अंतिम जीत तब मिली जब रूस के इयान नेपोम्नियाची और शीर्ष वरीयता प्राप्त अमेरिकी फेबियानो कारुआना का मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। वह अब इसी साल के अंत में वर्तमान विश्व चैंपियन चीन के डिंग लिरेन से खिताब के लिए भिड़ेंगे।

डी गुकेश को शतरंज की दुनिया में आने वाली प्रतिभाओं में से एक माना जाता है। कम समय में उन्होंने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। अब सबकी निगाहें उन पर हैं क्योंकि उनकी भिड़ंत वर्तमान चैंपियन से होने वाली है, जो निश्चित ही एक रोमांचक मुकाबला होगा।

तमिलनाडु के चेन्नई में रहने वाले गुकेश ने महज़ 7 साल की उम्र में शतरंज खेलना शुरू किया। उन्होंने 2018 में अंडर-12 विश्व युवा शतरंज चैम्पियनशिप जीतकर सभी का ध्यान खींचा। 2019 में 12 वर्ष की उम्र में, वह शतरंज के इतिहास में सबसे कम उम्र के ग्रैंडमास्टर बने। सितंबर 2023 में उन्होंने विश्वनाथन आनंद को पछाड़कर भारत के शीर्ष शतरंज खिलाड़ी का स्थान हासिल किया, जो आनंद के 37 वर्षों से चले आ रहे इस वर्चस्व के अंत का प्रतीक था।

ये भी पढ़ें: हार्दिक पांड्या के सौतेले भाई ने किया करोड़ों का घोटाला, पुलिस ने किया गिरफ्तार

You may also like