महाराष्ट्र पुलिस विभाग ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना जरूरी कर दिया है। ये निर्णय राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) द्वारा नागपुर में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक के बाद लिया गया।
डीजीपी ने स्पष्ट रूप से कहा कि कानून लागू करने वाली एजेंसी अगर खुद नियमों का पालन नहीं करेगी, तो आम जनता से नियमों के पालन की उम्मीद करना मुश्किल हो जाएगा। इसी सोच के साथ ये आदेश राज्य के सभी पुलिस आयुक्तालयों और जिला पुलिस इकाइयों को जारी कर दिया गया है।
नियम तोड़ने पर क्या कार्रवाई होगी?
नए निर्देशों के अनुसार, यदि कोई पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 194(डी) के तहत जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अलावा, अगर किसी पुलिसकर्मी की बिना हेलमेट की तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आती है, तो इसे गंभीर अनुशासनहीनता माना जाएगा और उसकी सेवा पुस्तिका में दर्ज किया जाएगा, जिससे उसके करियर पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
सड़क हादसों के आंकड़े चिंता का विषय
पुलिस विभाग के अध्ययन के अनुसार, पिछले 10 वर्षों में सड़क दुर्घटनाओं में मारे गए या गंभीर रूप से घायल हुए लोगों में 35 से 40 प्रतिशत दोपहिया चालक शामिल रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि हेलमेट पहनने से सिर की गंभीर चोटों और मृत्यु के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
शहर और जिलों में बड़ा अंतर
रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई और नागपुर जैसे बड़े शहरों में 80 प्रतिशत से अधिक दोपहिया चालक हेलमेट पहनते हैं, जबकि राज्य के अन्य जिलों में ये आंकड़ा 20 प्रतिशत से भी कम है। ये अंतर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता की कमी को दर्शाता है।
तुरंत पालन के निर्देश
डीजीपी कार्यालय ने सभी पुलिस इकाइयों को निर्देश दिया है कि इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए और इसकी अनुपालन रिपोर्ट जल्द से जल्द मुख्यालय को भेजी जाए।
सड़क सुरक्षा की दिशा में अहम कदम
पुलिस विभाग के इस फैसले को सड़क सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि जब पुलिसकर्मी खुद नियमों का पालन करेंगे, तो आम नागरिकों में भी हेलमेट पहनने के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और सड़क हादसों में कमी आएगी।
ये भी पढ़ें: मुंबई में LPG सिलेंडर की कालाबाजारी का बड़ा खुलासा, 40 लाख से ज्यादा का माल जब्त


























