देश-विदेश

सांगली: पुलिस की खास मुहिम का असर, 20 मामलों में फरार 14 आरोपियों ने किया सरेंडर

सांगली

महाराष्ट्र के सांगली जिले में फरार और वांछित आरोपियों को पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कराने के लिए चलाए गए विशेष अभियान को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की पहल के बाद पारधी समाज से जुड़े 14 आरोपियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया। जानकारी हो कि  इन आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल 20 मामले दर्ज हैं। अब इन मामलों की जांच को आगे बढ़ाने में पुलिस को मदद मिलेगी।

गौरतलब है कि, ये विशेष अभियान महाराष्ट्र के पुलिस महासंचालक के निर्देश पर वांछित और फरार आरोपियों की तलाश के लिए चलाया गया था।

अभियान की जिम्मेदारी Local Crime Investigation Branch के Police Inspector-in-Charge संजीव झाडे के नेतृत्व में संभाली गई। पुलिस अधीक्षक तुषार दोशी की पहल पर ‘पाहिजे, फरारी आरोपी आत्मसमर्पण योजना’ के तहत फरार आरोपियों तक पहुंचने की रणनीति तैयार की गई।

पुलिस ने आरोपियों के परिजनों और उनसे जुड़े अन्य लोगों से संपर्क किया। इसके बाद आरोपियों की जानकारी जुटाकर उनसे संपर्क स्थापित किया गया और उन्हें कानूनी प्रक्रिया का सामना करने के लिए आत्मसमर्पण करने को लेकर समझाया गया। पुलिस का उद्देश्य केवल आरोपियों को पकड़ना नहीं, बल्कि उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में भी काम करना था।

अभियान के दौरान शरीर और संपत्ति से जुड़े गंभीर मामलों में फरार चल रहे 14 आरोपियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया। इन आरोपियों के खिलाफ सांगली शहर, आष्टा, ईश्वरपुर और कुंडल पुलिस थानों की सीमा में मामले दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, आत्मसमर्पण करने वाले आरोपियों को संबंधित मामलों में पुलिस के समक्ष हाजिर कराया गया है। अब सभी मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया और जांच संबंधित पुलिस थानों की ओर से की जाएगी।

ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र में 16 अक्टूबर से 10% पानी कटौती, 2027 तक पानी बचाने की तैयारी

You may also like