नागपुर: महाराष्ट्र के पेंच टाइगर रिजर्व (Pench Tiger Reserve) में एक दुर्लभ तितली प्रजाति ‘पीकॉक रॉयल’ को पहली बार देखा गया है। इस खूबसूरत तितली का वैज्ञानिक नाम Tajuria cippus है और ये एशिया में पाई जाती है। इसकी मौजूदगी से पेंच टाइगर रिजर्व की जैव विविधता का पता चलता है।
कैसे हुई तितली की खोज?
23 मई को पेंच टाइगर रिजर्व में कैमरा लगाने के दौरान वन्यजीव संरक्षणकर्ता और सतपुड़ा फाउंडेशन के उप निदेशक मंदार पिंगले ने इस तितली को देखा। उन्होंने बताया कि समुद्र तल से 438 मीटर की ऊंचाई पर स्थित मामा टावर में एक पेड़ पर चार से पांच ‘पीकॉक रॉयल’ तितलियां देखी गईं।
पहले कभी नहीं हुई थी ऐसी तितली की रिपोर्ट
पेंच टाइगर रिजर्व के उप निदेशक प्रभु नाथ शुक्ला ने बताया कि ये रिजर्व में ‘पीकॉक रॉयल’ का पहला प्रलेखित रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि इससे पहले यहां किए गए तितली सर्वेक्षणों में इसे कभी नहीं देखा गया था।
पेंच टाइगर रिजर्व (Pench Tiger Reserve) की जैव विविधता को मिली मजबूती
मंदार पिंगले ने कहा कि इस दुर्लभ तितली की मौजूदगी से ये पता चलता है कि पेंच टाइगर रिजर्व में वनस्पतियों की विविधता इस प्रजाति को पनपने में मदद कर रही है। ये रिजर्व की क्षेत्रीय जैव विविधता को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित करता है और निरंतर जैविक सर्वेक्षण की आवश्यकता पर बल देता है।
अन्य राज्यों में भी पाई जाती है ये तितली
अधिकारियों के अनुसार, भारत में ‘पीकॉक रॉयल’ तितली का निवास स्थान विविध और व्यापक है। ये ग्रेटर मुंबई, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में पाई जाती है। अरुणाचल प्रदेश में इसे 400 से 500 मीटर और भारतीय हिमालयी क्षेत्र में 500-2200 मीटर की ऊंचाई पर घने जंगलों में देखा गया है।
ये भी पढ़ें: भारत ने बढ़ाया क्यूबा की ओर मदद का हाथ, दवाइयां बनाने की सामग्री भेजी































