Assam AI-Generated Porn Scandal:असम के तिनसुकिया जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। डिब्रूगढ़ पुलिस ने एक मैकेनिकल इंजीनियर प्रीतम बोरा को गिरफ्तार किया है, जिसने अपनी पूर्व प्रेमिका को बदनाम करने के लिए एआई तकनीक का इस्तेमाल किया। उसने फेक सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर महिला की तस्वीरों को मॉर्फ कर पॉर्न सामग्री तैयार की और उसे वायरल कर दिया। इस प्रोफाइल को उसने 2020 में बनाया था, लेकिन 2024 में यह सोशल मीडिया पर तेजी से फैला।
पुलिस को शिकायत एक शादीशुदा महिला ने दी, जिसका एक बच्चा भी है। उसने बताया कि किसी ने उसकी पुरानी तस्वीरों को एआई टूल्स से छेड़छाड़ कर उसे अमेरिका की पॉर्न इंडस्ट्री से जोड़कर पेश किया। फेक प्रोफाइल में उसकी तस्वीरें एक विदेशी पॉर्नस्टार के साथ जोड़ी गई थीं, जिससे उसकी बदनामी हुई। डिब्रूगढ़ पुलिस की साइबर सेल ने तुरंत जांच शुरू की और इंस्टाग्राम पेज के जरिए एक फोन नंबर ट्रेस किया, जो प्रीतम बोरा का निकला।
जांच में पता चला कि प्रीतम और पीड़िता कॉलेज के दिनों में रिलेशनशिप में थे। रिश्ता टूटने के बाद उसने बदला लेने के लिए यह कदम उठाया। उसने मिडजर्नी एआई, डिजायर एआई और ओपनआर्ट एआई जैसे टूल्स का इस्तेमाल कर फेक तस्वीरें और वीडियो बनाए। उसने कई फर्जी जीमेल और सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर इस सामग्री को फैलाया। इतना ही नहीं, उसने इस फेक कंटेंट को सब्सक्रिप्शन के जरिए बेचकर करीब 10 लाख रुपये भी कमाए।
पुलिस ने शनिवार रात तिनसुकिया में प्रीतम के घर से उसे गिरफ्तार किया। उसके पास से दो मोबाइल, एक लैपटॉप, एक हार्ड डिस्क, एक टैबलेट, कई सिम कार्ड और फाइनेंशियल दस्तावेज जब्त किए गए। डिब्रूगढ़ पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 336(4), 356(2), 74, 75, 294 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है, जो साइबर उत्पीड़न, मानहानि और निजता के हनन जैसे अपराधों को कवर करती हैं।
एसएसपी सेजल अग्रवाल ने बताया कि पीड़िता को इस फेक पेज के बारे में पहले पता था, लेकिन सामाजिक डर की वजह से उसने शिकायत नहीं की। हाल ही में सोशल मीडिया पर इस मामले ने तूल पकड़ा, जिसके बाद उसने हिम्मत जुटाकर शिकायत दर्ज की। पुलिस ने तकनीकी जांच और आईपी एड्रेस ट्रैकिंग के जरिए प्रीतम को पकड़ा। जांच में यह भी साफ हुआ कि सारी सामग्री फर्जी थी और इसका मकसद सिर्फ पीड़िता को बदनाम करना था।
#AICrime #CyberHarassment #AssamNews #SocialMediaScandal #Deepfake
ये भी पढ़ें: Massive Hole in Antarctic Ice: हरियाणा से बड़ा गड्ढा अंटार्कटिका में! प्रकृति का ये इशारा देखकर दुनिया सहम गई!































