बॉलीवुड के सुपरस्टार रणवीर सिंह ने एक बार फिर दर्शकों को झकझोर दिया है। साल 2025 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर के सीक्वल धुरंधर 2: द रिवेंज का आधिकारिक टीजर आज दोपहर 12:12 बजे रिलीज हो गया। जियो स्टूडियोज द्वारा यूट्यूब पर जारी इस एक मिनट से ज्यादा लंबे टीजर ने सोशल मीडिया पर तूफान मचा दिया है। रणवीर सिंह का हमजा वाला रौद्र रूप, खून से लथपथ चेहरा और दमदार डायलॉग ने फैंस को दीवाना बना दिया है। निर्देशक आदित्या धर की इस जासूसी-एक्शन थ्रिलर ने पहले पार्ट की सफलता को आगे बढ़ाने का वादा किया है और दावा किया जा रहा है कि ये पहले से 50 गुना ज्यादा रोमांचक होगी।
खतरनाक है रणवीर का लुक
टीजर की शुरुआत बेहद इंटेंस है। पाकिस्तान के ल्यारी इलाके में हमजा यानी रणवीर सिंह का राज चल रहा है। पहले पार्ट में शेर-ए-बलोच रहमान डकैत यानी अक्षय खन्ना को मौत के घाट उतारने के बाद हमजा ने ल्यारी पर पूरी तरह कब्जा कर लिया है। टीजर में रणवीर का लुक डार्क और खतरनाक है। काला कोट, खून से सना चेहरा, बारिश में भीगा बदन और आंखों में बदले की आग साफ दिखाई दे रही है। सबसे ज्यादा चर्चा में रहा डायलॉग है – ये नया हिंदुस्तान है, घर में घुसेगा भी, मारेगा भी। ये डायलॉग टीजर के अंत में रणवीर सिंह द्वारा बोला गया है और पूरी फिल्म की थीम को बयां करता है। एक ऐसा भारत जो अब आक्रामक और बेबाक हो चुका है और दुश्मन के घर में घुसकर भी हमला करने से नहीं हिचकता। टीजर में भरपूर एक्शन सीक्वेंस हैं। गोलीबारी, फाइट, ट्रांसफॉर्मेशन और सस्पेंस से भरे दृश्य हर फ्रेम में इम्पैक्ट छोड़ते हैं और दर्शकों के रोंगटे खड़े कर देते हैं।
हमजा हुआ हावी
पहले पार्ट धुरंधर में रणवीर सिंह जसप्रीत सिंह रंगी के रूप में नजर आए थे। अजय सान्याल यानी आर. माधवन ने उन्हें हमजा बनाकर पाकिस्तान में गुप्त मिशन पर भेजा था। फिल्म का क्लाइमैक्स ल्यारी में हमजा के राज स्थापित होने पर खत्म हुआ था। ये टीजर उसी कहानी को आगे बढ़ाता है। हमजा अब ल्यारी का किंग बन चुका है लेकिन बदले की आग अभी बाकी है। पहले पार्ट में अक्षय खन्ना के किरदार रहमान डकैत की मौत के बाद अब रणवीर का हमजा पूरी तरह हावी दिख रहा है।
19 मार्च को रिलीज होगी फिल्म
फिल्म के निर्देशक आदित्या धर हैं। मुख्य कलाकारों में रणवीर सिंह हमजा यानी जसप्रीत सिंह रंगी के अलावा आर. माधवन अजय सान्याल, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, डेनिश पोडार और राकेश बेदी शामिल हैं। प्रोडक्शन जियो स्टूडियोज और B62 स्टूडियोज की है। फिल्म 19 मार्च 2026 को पैन-इंडिया रिलीज होगी और हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़ भाषाओं में रिलीज होगी।
पाकिस्तानी फैंस पर छाया है धुरंधर का जादू
पहले पार्ट ने बॉक्स ऑफिस पर 1300 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी। भारत नेट कलेक्शन लगभग 893 करोड़ रहा और ये रणवीर सिंह की अब तक की सबसे बड़ी फिल्म बनी। फिल्म OTT पर भी ट्रेंड कर रही है और पाकिस्तान में भी खूब चर्चा में है। टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर धुरंधर 2, रणवीर सिंह और धुरंधर द रिवेंज ट्रेंड कर रहे हैं। फैंस इसे बम और धीमक बता रहे हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि रणवीर का भौकाल देखकर रोंगटे खड़े हो गए, ये टीजर नहीं बम है और अब रणवीर का टाइम आ गया है, तबाही बनकर आएगा। कुछ फैंस थोड़े निराश भी हैं क्योंकि टीजर में ज्यादा नए सीन नहीं हैं। ज्यादातर पहले पार्ट के पोस्ट-क्रेडिट्स और कुछ बदलाव वाले क्लिप्स हैं। फिर भी एक्साइटमेंट चरम पर है।
धुरंधर 2 पहले पार्ट की सफलता को आगे ले जाने का वादा करता है। जासूसी, एक्शन, बदला और राष्ट्रवाद का मिश्रण इस बार और ज्यादा इंटेंस होगा। 19 मार्च 2026 को थिएटर्स में आने वाली इस फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर एक बार फिर तूफान मचने की उम्मीद है। अगर आपने पहला पार्ट देखा है तो टीजर देखकर आप भी कहेंगे कि अब मजा आएगा। टीजर यूट्यूब पर चेक करें और अपनी राय कमेंट में जरूर बताएं।
ये भी पढ़ें: रोहित शेट्टी फायरिंग मामला: 10 दिन पहले शुरू हुई थी साजिश, जानें क्यों रात का वक्त चुनकर ही किया गया हमला



























