NEET UG पेपर लीक विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस बड़े मामले में CBI की ओर से दाखिल की गई चार्जशीट पर संज्ञान लेने को लेकर राऊज एवेन्यू कोर्ट 12 अगस्त को अपना फैसला सुनाएगी। जानकारी हो कि सोमवार को मामले के सभी 13 आरोपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश हुए।
क्या हुआ कोर्ट में?
CBI ने इस मामले में करीब 20 हजार पन्नों की विशाल चार्जशीट दाखिल की है। सुनवाई के दौरान राऊज एवेन्यू की विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट ने तीन आरोपियों – मांगीलाल बिवाल, दिनेश बिवाल और विकास बिवाल – की याचिका खारिज कर दी। इन आरोपियों ने लाइ डिटेक्टर, ब्रेन मैपिंग और पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की मांग की थी, जिसे अदालत ने स्वीकार नहीं किया।
अब अदालत 12 अगस्त को ये तय करेगी कि सीबीआई की चार्जशीट पर संज्ञान लिया जाए या नहीं। अगर संज्ञान लिया जाता है तो मामले की आगे की सुनवाई शुरू हो जाएगी।
चार्जशीट में शामिल आरोपी
जानकारी हो कि CBI की चार्जशीट में कुल 13 लोगों के नाम शामिल हैं। इनमें यश यादव, मांगीलाल बिवाल, दिनेश बिवाल, विकास बिवाल, शुभम खैरनार, धनंजय लोखंडे, प्रहलाद कुलकर्णी, तेजस हर्षद कुमार, डॉ. मनोज शिरुरे, शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर, मनीषा वाघमारे, मनीषा मंधारे और मनीषा संजय हवलदार शामिल हैं।
पेपर लीक विवाद अब भी चर्चा में
गौरतलब है कि NEET UG परीक्षा में पेपर लीक के आरोपों ने पूरे देश में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया था। कई छात्रों और अभिभावकों ने परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल उठाए थे। सीबीआई जांच के बाद चार्जशीट दाखिल होने से मामला एक अहम मोड़ पर पहुंच गया है।
अब 12 अगस्त को कोर्ट का फैसला इस मामले की दिशा तय करेगा। अगर चार्जशीट पर संज्ञान लिया जाता है तो आरोपियों के खिलाफ मुकदमे की प्रक्रिया तेज हो जाएगी। फिलहाल पूरा मामला अदालत के फैसले का इंतजार कर रहा है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली की बेटी Abha Nair Patel ने रचा इतिहास, जाम्बिया सुप्रीम कोर्ट की पहली महिला जज बनीं



















