देश-विदेश

Air India पर संकट के बादल: 7 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द, यात्रियों की बढ़ी परेशानी!

Air India
Image Source - Web

अहमदाबाद विमान हादसे के बाद एअर इंडिया (Air India) की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार को विभिन्न कारणों से एयरलाइन को सात अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जिससे हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस संकट का मुख्य कारण नियामक द्वारा ड्रीमलाइनर विमानों की गहन जांच और कुछ तकनीकी दिक्कतें बताई जा रही हैं।

ड्रीमलाइनर विमानों की जांच बनी वजह
हाल ही में हुए अहमदाबाद विमान हादसे के बाद विमानन नियामक DGCA ने एअर इंडिया (Air India) के ड्रीमलाइनर बेड़े की कड़ी जांच के आदेश दिए थे। इसी जांच के चलते मंगलवार को छह अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। एअर इंडिया मुख्य रूप से यूके और यूरोप के लिए बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर का संचालन करती है। अहमदाबाद-लंदन गैटविक उड़ान को विमान की अनुपलब्धता के कारण रद्द किया गया।

रद्द हुई प्रमुख उड़ानें:
अहमदाबाद-लंदन, दिल्ली-वियना, लंदन-अमृतसर, दिल्ली-दुबई, बेंगलुरु-लंदन, दिल्ली-पेरिस और सैन फ्रांसिस्को-मुंबई

दिल्ली-पेरिस फ्लाइट में प्री-फ्लाइट चेक की दिक्कत
दिल्ली से पेरिस जाने वाली फ्लाइट AI 143 को प्री-फ्लाइट चेक के दौरान कुछ समस्याओं का पता चलने के बाद रद्द कर दिया गया। हालांकि एअर इंडिया ने समस्या के बारे में विस्तार से नहीं बताया, लेकिन कहा कि पेरिस चा‌र्ल्स डी गाल हवाई अड्डे पर रात के संचालन पर प्रतिबंध के कारण उड़ान को रद्द करना पड़ा।

सैन फ्रांसिस्को-मुंबई उड़ान कोलकाता में रोकी गई
सैन फ्रांसिस्को-मुंबई उड़ान (बोइंग 777-200 LR) के एक इंजन में तकनीकी खराबी आने के कारण इसे कोलकाता में ही रोक दिया गया। विमान सोमवार-मंगलवार की रात कोलकाता हवाई अड्डे पर पहुंचा था। इसके बाएं इंजन में खराबी के कारण आगे की उड़ान खत्म कर दी गई और सभी 211 यात्रियों को बाद में दूसरे विमान से मुंबई ले जाने की व्यवस्था की गई। आमतौर पर ये सीधी उड़ान होती है, लेकिन पाकिस्तानी और ईरानी हवाई क्षेत्र के बंद होने के कारण एअर इंडिया को अपना मार्ग बदलकर कोलकाता में तकनीकी ठहराव लेना पड़ा। एयरलाइन यात्रियों को होटल में ठहरने और रद्दीकरण या पूर्ण धन वापसी का विकल्प दे रही है।

DGCA का बयान: बोइंग 787 बेड़े में कोई बड़ी खामी नहीं
इस बीच, भारत के विमानन विनियामक DGCA ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि एअर इंडिया के बोइंग 787 बेड़े की जांच के दौरान कोई बड़ी खामी सामने नहीं आई है। DGCA ने कहा कि “विमान और संबंधित रखरखाव प्रणालियां मौजूदा सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाई गईं।”

इंडिगो की कोच्चि-दिल्ली फ्लाइट में बम की धमकी!
इन सबके बीच, इंडिगो की कोच्चि-दिल्ली फ्लाइट में बम रखे होने की धमकी मिलने के बाद उसे नागपुर हवाईअड्डे पर आपात स्थिति में उतारा गया। कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा लिमिटेड (CIAL) ने बताया कि यह धमकी इंडिगो की आधिकारिक ईमेल आईडी पर मिली थी। फ्लाइट में 157 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे। जांच के बाद विमान को आगे की यात्रा के लिए रवाना किया गया।

क्या आपको लगता है कि एअर इंडिया जल्द ही इस संकट से उबर पाएगी? अपनी राय कमेंट्स में बताएं!

ये भी पढ़ें: बदायूं में ‘अजब प्रेम की गज़ब कहानी’: नई नवेली दुल्हन सुहागरात के 9 दिन बाद प्रेमी संग फरार!

You may also like