दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त से पहले राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संभावित आतंकी खतरों को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी किया है। इसी सुरक्षा अभियान के तहत पुलिस ने दिल्ली के प्रमुख स्थानों, सार्वजनिक क्षेत्रों और व्यस्त बाजारों में 19 मोस्ट वॉन्टेड आतंकियों के पोस्टर लगाए हैं।
पुलिस की ओर से जारी पोस्टरों में प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से जुड़े संदिग्धों की तस्वीरें और उनकी पहचान से संबंधित जानकारी दी गई है। इनमें इंडियन मुजाहिदीन, अल-कायदा और विभिन्न खालिस्तानी आतंकी संगठनों से जुड़े नाम शामिल हैं।
किन संगठनों से जुड़े आतंकियों के पोस्टर?
दिल्ली पुलिस की सूची में इंडियन मुजाहिदीन से जुड़े रियाज भटकल और शबांदरी मोहम्मद इकबाल उर्फ इकबाल भटकल के नाम शामिल हैं। वहीं अल-कायदा से जुड़े मोहम्मद शर्जील अख्तर, अबू सुफियान और सैयद मोहम्मद अर्शियान की तस्वीरें भी पोस्टरों में लगाई गई हैं।
इसके अलावा खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स, खालिस्तान टाइगर फोर्स और बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़े वांछित आतंकियों को भी सूची में शामिल किया गया है। इनमें रंजीत सिंह उर्फ नीता, परमजीत सिंह पम्मा, अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डाला, हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंडा, वधावा सिंह बब्बर और गुरमीत सिंह बग्गा जैसे नाम बताए गए हैं।
आम लोगों से पुलिस ने मांगी मदद
दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अगर पोस्टर में शामिल किसी संदिग्ध के बारे में कोई जानकारी मिलती है या कोई व्यक्ति दिखाई देता है, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस के मुताबिक सही और उपयोगी जानकारी देने वाले व्यक्ति को उचित इनाम दिया जाएगा।
पुलिस ने ये भी कहा है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पोस्टरों में पुलिस कंट्रोल रूम के लिए 112 नंबर और विशेष प्रकोष्ठ के संपर्क विवरण भी उपलब्ध कराए गए हैं।
15 अगस्त को लेकर क्यों बढ़ाई जाती है सुरक्षा?
स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले समेत दिल्ली के कई महत्वपूर्ण स्थानों पर बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम होते हैं। ऐसे में हर साल 15 अगस्त और 26 जनवरी जैसे राष्ट्रीय पर्वों से पहले सुरक्षा एजेंसियां संभावित आतंकी खतरों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करती हैं।
इस बार भी दिल्ली पुलिस ने एहतियात के तौर पर वांछित आतंकियों की तस्वीरें सार्वजनिक की हैं, ताकि आम नागरिक संदिग्ध गतिविधियों के प्रति सतर्क रहें और पुलिस को समय पर जानकारी मिल सके।
दिल्ली के साथ दूसरे राज्यों में भी सुरक्षा बढ़ी
स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा अभियान केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है। पंजाब में भी पुलिस ने बस स्टैंड और सार्वजनिक परिवहन केंद्रों पर तलाशी अभियान चलाया। रिपोर्ट के मुताबिक राज्य के सभी 28 पुलिस जिलों में पुलिस टीमों और स्निफर डॉग्स की मदद से यात्रियों और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की गई।
दिल्ली पुलिस ने भी राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बढ़ा दी है। ऐसे में 15 अगस्त के कार्यक्रमों से पहले दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं।
ये भी पढ़ें: फलों-सब्जियों पर कॉकरोच, एक्सपायर्ड स्टॉक मिला; मुंबई में Blinkit स्टोर का लाइसंस रद्द





















