नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के संस्थापक ललित मोदी (Lalit Modi) ने करीब 16 वर्षों बाद भारत लौटने की घोषणा की है। ये फैसला ऐसे समय आया है जब उन्हें 2009 के आईपीएल साउथ अफ्रीका से जुड़े FEMA (विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम) मामले में अपीलीय ट्रिब्यूनल से बड़ी राहत मिली है। ट्रिब्यूनल के फैसले के बाद ललित मोदी (Lalit Modi) ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने वर्षों तक कानूनी लड़ाई लड़ी और अब उन्हें न्याय मिलने का संतोष है।
ट्रिब्यूनल के फैसले पर जताई खुशी
ललित मोदी (Lalit Modi) ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि हालिया फैसला उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पिछले 16 वर्षों से वे लगातार अपने पक्ष को साबित करने की कोशिश कर रहे थे और अब ट्रिब्यूनल के निर्णय ने उनके दावों को मजबूती दी है।
उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता हमेशा IPL के हितों की रक्षा करना रही है और अब वो उस अध्याय को पीछे छोड़कर अपने जीवन में आगे बढ़ना चाहते हैं।
साल के अंत या अगले वर्ष की शुरुआत में लौट सकते हैं भारत
ललित मोदी (Lalit Modi) ने बताया कि वो इस वर्ष के अंत या अगले वर्ष की शुरुआत में भारत आने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने ये भी कहा कि अक्टूबर में उनके परिवार में नया सदस्य आने वाला है और वे पहली बार नाना बनने जा रहे हैं। इस खास मौके को लेकर उन्होंने खुशी जताई और कहा कि वो परिवार के साथ समय बिताने के लिए उत्साहित हैं।
हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका स्थायी निवास लंदन में ही रहेगा, लेकिन भविष्य में भारत आना-जाना नियमित रहेगा। उन्होंने ये भी संकेत दिया कि उनके बेटे को भारत में पारिवारिक कारोबार से जोड़ा जाएगा।
2009 के FEMA मामले में मिली राहत
ये मामला साल 2009 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित IPL सीजन से जुड़ा है। इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने FEMA के कथित उल्लंघन को लेकर कार्रवाई की थी।
अब स्मगलर्स एंड फॉरेन एक्सचेंज मैनिपुलेटर्स (फॉरफीचर ऑफ प्रॉपर्टी) एक्ट (SAFEMA) के तहत गठित अपीलीय ट्रिब्यूनल ने ललित मोदी (Lalit Modi) और अन्य अपीलकर्ताओं को महत्वपूर्ण राहत प्रदान की है। ट्रिब्यूनल ने प्रवर्तन निदेशालय के कई निष्कर्षों और लगाए गए अधिकांश जुर्मानों को निरस्त कर दिया, जिससे ललित मोदी (Lalit Modi) को बड़ी कानूनी राहत मिली है।
https://t.co/XKyChRdJhW
It’s a win 🙏🏽🤗 pic.twitter.com/kLthKUDMpa— Lalit Kumar Modi (@LalitKModi) July 21, 2026
2010 में छोड़ा था भारत
ललित मोदी (Lalit Modi) साल 2010 में भारत छोड़कर विदेश चले गए थे। उस समय उनके खिलाफ वित्तीय अनियमितताओं और FEMA से जुड़े मामलों की जांच चल रही थी। इसके बाद से वे लंदन में रह रहे हैं और लंबे समय तक भारत नहीं लौटे।
अब ट्रिब्यूनल के फैसले के बाद उन्होंने संकेत दिया है कि वो एक बार फिर भारत आने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत उनका वतन है और वो भविष्य में यहां नियमित रूप से आते-जाते रहेंगे।
क्या है आगे की योजना?
ललित मोदी (Lalit Modi) के अनुसार, उनका फोकस अब कानूनी विवादों से आगे बढ़कर परिवार और भविष्य की योजनाओं पर है। उन्होंने कहा कि वो अपने बेटे को भारत में पारिवारिक कारोबार से जोड़ना चाहते हैं और अपने निजी जीवन के नए अध्याय की शुरुआत करने के लिए उत्साहित हैं।
हालांकि, ये देखना महत्वपूर्ण होगा कि उनकी भारत वापसी कब होती है और भविष्य में उनके खिलाफ अन्य लंबित कानूनी मामलों की स्थिति क्या रहती है।




















