Jhansi Crime News: झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में एक लव मैरिज का कथित तौर पर दर्दनाक अंत हो गया। मसीहागंज चौकी क्षेत्र के संगम विहार में 27 वर्षीय महिला शिवानी उर्फ सुधा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार ने उसके पति यश ठाकुर पर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद आरोपी पति घर के दरवाजों की कुंडियां बाहर से बंद कर फरार हो गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया। पोस्टमॉर्टम में गला घोंटने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और आरोपी पति की तलाश की जा रही है।
रात में हुआ था पति-पत्नी के बीच विवाद
परिवार के मुताबिक, रविवार रात शिवानी और उसके पति यश के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। दोनों के बीच बढ़ती कहासुनी की आवाज सुनकर पास में रहने वाले मामा संतोष वहां पहुंचे और दोनों को समझाकर मामला शांत कराया।
इसके बाद शिवानी का भाई अनिकेत मामा के घर चला गया। परिवार के अनुसार, बाद में शिवानी ने खाना बनाया और सभी लोग अपने-अपने कमरों में सोने चले गए।
मृतका की बहन मुस्कान ने बताया कि रात करीब 2 बजे यश ने दरवाजा खुलवाकर अपना बैग और कुछ सामान मांगा। मुस्कान ने आधा दरवाजा खोलकर सामान बाहर दिया। इसके बाद यश वहां से चला गया और मुस्कान सो गई।
सुबह कमरे की कुंडी बाहर से बंद मिली
मुस्कान के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे उसकी नींद खुली तो उसके कमरे की कुंडी बाहर से बंद थी। उसने काफी देर तक आवाज लगाकर दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। करीब आधे घंटे तक प्रयास करने के बाद वो दोबारा सो गई।
सुबह करीब 9 बजे उसका भाई अनिकेत घर पहुंचा। उसने देखा कि शिवानी के कमरे की कुंडी भी बाहर से बंद थी। कुंडी खोलकर अंदर जाने पर शिवानी फर्श पर पड़ी मिली। परिवार के मुताबिक, उसके कान से खून निकल रहा था और गले पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे।
इसके बाद परिजन और आसपास के लोग शिवानी को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमॉर्टम में गला घोंटने की पुष्टि
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया। पुलिस के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई है। इसके बाद हत्या के पहलू से जांच आगे बढ़ाई गई है।
पुलिस अब घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, परिवार के बयानों और अन्य परिस्थितियों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। आरोपी पति यश ठाकुर की तलाश की जा रही है।
सोशल मीडिया से शुरू हुई थी कहानी
परिवार के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले शिवानी और यश की दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। परिवार की सहमति से करीब डेढ़ वर्ष पहले दोनों ने शादी कर ली थी।
शादी के बाद शिवानी ग्वालियर में पति के साथ रहने लगी। परिवार का आरोप है कि वहां छोटी-छोटी बातों को लेकर उसके साथ मारपीट की जाती थी। कथित घरेलू विवादों से परेशान होकर वो करीब तीन महीने पहले झांसी आ गई थी।
रक्षाबंधन से एक दिन पहले वो अपने छोटे भाई कपिल के साथ ग्वालियर गई थी। परिवार के मुताबिक, वहां दो दिन रुकने के बाद वो पति के साथ झांसी लौट आई थी। इसके बाद रविवार रात दोनों के बीच विवाद हुआ और अगले दिन शिवानी की मौत हो गई।
चार बहनों में सबसे बड़ी थी शिवानी
शिवानी चार बहनों में सबसे बड़ी थी। उसकी दो छोटी बहनों प्रीति और नेहा की शादी हो चुकी है, जबकि 18 वर्षीय मुस्कान अविवाहित है। उसके दो छोटे भाई अनिकेत और कपिल हैं।
परिवार की आर्थिक स्थिति भी सामान्य बताई गई है। पिता संतराम वंशकार फलों की फेरी लगाते हैं, जबकि मां दिल्ली में घरों में काम करती हैं। शिवानी की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
दो दिन में तीसरी हत्या से पुलिस के सामने चुनौती
सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के मसीहागंज चौकी क्षेत्र में दो दिनों के भीतर हत्या का ये तीसरा मामला सामने आने से इलाके में चिंता का माहौल है।
इससे पहले 29 अगस्त की रात गोविंदपुरी इलाके में एक मकान के अंदर पति-पत्नी के शव मिले थे। दोनों शव कई दिन पुराने बताए गए थे। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच पुलिस के सामने मामलों की जांच और आरोपियों तक पहुंचने की चुनौती बढ़ गई है।
फिलहाल शिवानी की मौत के मामले में पुलिस आरोपी पति की तलाश कर रही है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद ही हत्या की पूरी वजह और घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा।
ये भी पढ़ें: 57 सुरंग, 226 पुल और 108 कर्व… वेस्टर्न घाट में वंदे भारत का सफर रेलवे के लिए क्यों था बड़ी चुनौती?






















