देश-विदेश

Maharashtra Crime News: 20 रुपये के लिए दोस्त ने काट दिया गला, आरोपी गिरफ्तार

Maharashtra Crime News

Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड शहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां महज 20 रुपये की उधारी को लेकर दो दोस्तों के बीच हुआ विवाद जानलेवा हमले में बदल गया। आरोपी ने अपने ही दोस्त के गले पर धारदार हथियार से वार कर हत्या का प्रयास किया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

शराब पीने के दौरान हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, रवींद्र ज्ञानेश्वर गायकवाड़ और सत्यजीत उर्फ सोन्या कांबले एक-दूसरे को पहले से जानते थे। 26 तारीख की रात करीब 8 बजकर 15 मिनट पर दोनों पिंपरी गांव स्थित लकी कंट्री बार के पास समृद्धि होटल में शराब पीने गए थे।

इसी दौरान 20 रुपये की उधारी को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर सत्यजीत कांबले ने रवींद्र गायकवाड़ के गले पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

हमले में रवींद्र गायकवाड़ गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद उन्हें पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका के वाईसीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पिंपरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घायल का बयान दर्ज कर मामला दर्ज कर लिया है।

आरोपी लातूर से गिरफ्तार

हमले के बाद आरोपी सत्यजीत कांबले मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी पुणे के रास्ते लातूर भाग गया है।

त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम लातूर पहुंची और कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उसे पिंपरी लाया जा रहा है, जहां उससे पूछताछ की जाएगी।

पुलिस की आगे की कार्रवाई

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अशोक कडलग ने बताया कि ये मामला हत्या के प्रयास का है और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस घटना से जुड़ी सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

इस मामूली आर्थिक विवाद ने जिस तरह हिंसक रूप लिया, उसने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

ये घटना एक बार फिर ये सवाल खड़ा करती है कि छोटी-सी बात पर बढ़ता गुस्सा किस तरह गंभीर अपराध में बदल सकता है।

ये भी पढ़ें: मीडिया के सामने फूट-फूटकर रोए अरविंद केजरीवाल, पीएम मोदी और अमित शाह पर लगाया बड़ा आरोप

You may also like