मुंबई

TCS केस में बड़ा ट्विस्ट: फरार HR मैनेजर निदा खान ने खुद को बताया प्रेग्नेंट, कोर्ट से मांगी अग्रिम जमानत

निदा खान
Image Source - Web

नासिक: Tata Consultancy Services (TCS) से जुड़े कथित धर्मांतरण और यौन उत्पीड़न मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। इस मामले में फरार चल रही एचआर मैनेजर निदा खान ने अदालत में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की है और खुद को गर्भवती बताते हुए राहत की मांग की है।

सूत्रों के अनुसार, निदा खान ने अपनी याचिका में कहा है कि वो गर्भवती है और उसकी मेडिकल स्थिति को देखते हुए उसे अग्रिम जमानत दी जानी चाहिए। परिवार का दावा है कि वो फिलहाल मुंबई में मौजूद है और जल्द ही बच्चे को जन्म देने वाली है। इस पूरे मामले की जांच विशेष जांच दल (SIT) द्वारा की जा रही है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, निदा खान पर कर्मचारियों की शिकायतों को नजरअंदाज करने, उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों तक न पहुंचाने और यौन उत्पीड़न रोकथाम समिति का हिस्सा होने के बावजूद कोई कार्रवाई न करने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। कुछ पीड़ितों ने ये भी दावा किया है कि जब उन्होंने शिकायत की, तो उन्हें ये कहकर टाल दिया गया कि इस तरह की घटनाएं कॉर्पोरेट माहौल में आम होती हैं। जांचकर्ताओं का मानना है कि शिकायतों को दबाने और आरोपियों को संरक्षण देने में उनकी अहम भूमिका हो सकती है।

शिकायतकर्ताओं द्वारा पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, एक कर्मचारी को उसकी इच्छा के खिलाफ धार्मिक गतिविधियों में शामिल होने के लिए मजबूर किया गया। कई अन्य कर्मचारियों ने भी पहले एचआर विभाग और वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जांच के दौरान ये भी सामने आया है कि एचआर विभाग की भूमिका इस पूरे मामले में संदिग्ध रही है।

निदा खान के बारे में जानकारी के अनुसार, वो Savitribai Phule Pune University की पूर्व छात्रा हैं और TCS की नासिक बीपीओ यूनिट में एचआर मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। उनकी जिम्मेदारी कर्मचारियों की शिकायतों का समाधान करना, कार्यस्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करना और यौन उत्पीड़न से जुड़े कानूनों का पालन कराना था। साथ ही, वो कंपनी की आंतरिक शिकायत समिति (ICC) की सदस्य भी थीं।

ये मामला अब केवल एक आपराधिक जांच तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इससे कॉर्पोरेट संस्थानों में जवाबदेही, पारदर्शिता और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आने वाले समय में अदालत के फैसले और जांच एजेंसियों की रिपोर्ट से इस मामले की दिशा तय होगी।

ये भी पढ़ें: Mumbai: मलाड में ‘भूत उतारने’ के नाम पर अघोरी पूजा का खुलासा, ढोंगी बाबा पर गंभीर आरोप

You may also like