मुंबई: वरिष्ठ समाजसेवी अन्ना हजारे (Anna Hazare) की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें मुंबई के बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, उन्हें करीब एक महीने से वायरल संक्रमण और अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां थीं। संक्रमण का असर किडनी पर पड़ने के संकेत मिलने के बाद उन्हें आगे की जांच और इलाज के लिए मुंबई लाया गया।
CM फडणवीस ने अस्पताल पहुंचकर की मुलाकात
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बुधवार को बॉम्बे हॉस्पिटल पहुंचे और अन्ना हजारे (Anna Hazare) से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों से भी उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री गिरीश महाजन भी मौजूद थे।
अन्ना हजारे को किडनी इंफेक्शन
डॉक्टरों के मुताबिक, अन्ना हजारे (Anna Hazare) को वायरल बुखार और दस्त की समस्या के बाद कमजोरी और संक्रमण की शिकायत हुई। जांच में किडनी पर संक्रमण का असर दिखाई देने के बाद उन्हें बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और वह इलाज का सकारात्मक जवाब दे रहे हैं।
कई मेडिकल टेस्ट किए जा रहे
अन्ना हजारे (Anna Hazare) की स्थिति पर नजर रखने के लिए यूरिन टेस्ट, संक्रमण की जांच और अन्य मेडिकल परीक्षण किए जा रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार, उन्हें ICU में रखने की जरूरत नहीं है और उन्हें विशेष वार्ड में रखा गया है। आगे की जांच रिपोर्ट के आधार पर इलाज को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
अन्ना हजारे (Anna Hazare) के अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद उनके समर्थक और शुभचिंतक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
ये भी पढ़ें: मुंबई में खाद्य सुरक्षा पर शिकंजा, मालाड की ‘Delhi Sweet’ का फूड लाइसेंस सस्पेंड





























