Mumbai: जय माता दी वैष्णो देवी यात्रा ग्रुप की ओर से इस वर्ष विशेष धार्मिक यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 80 श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के दौरान जम्मू-कटरा स्थित माता वैष्णो देवी के पवित्र दरबार में दर्शन कर श्रद्धालुओं ने माता का आशीर्वाद लिया।
यात्रा के दौरान ट्रेन में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया और भजन-कीर्तन कर धार्मिक वातावरण बनाया। श्रद्धालुओं ने पूरी यात्रा के दौरान भक्ति और उत्साह के साथ समय बिताया।
माता वैष्णो देवी के दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने गुजरात के प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा की। इस दौरान सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, द्वारका धाम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन और पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने तीर्थस्थलों की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को भी करीब से जाना।
ग्रुप के सदस्यों के अनुसार, माता वैष्णो देवी की यात्रा हर वर्ष आयोजित की जाती है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष गुजरात के प्रमुख तीर्थस्थलों को भी यात्रा में शामिल किया गया। माता वैष्णो देवी के दर्शन, ट्रेन में हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ और गुजरात के प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन ने इस यात्रा को विशेष और यादगार बना दिया।
यात्रा के सफल आयोजन में अशोक शुक्ला के मार्गदर्शन में अवधेश पांडे, धीरज मिश्रा, संजय दुबे, सचिन दुबे, रिंकू मिश्रा, शैलेंद्र मिश्रा और राधेश्याम यादव सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। श्रद्धालुओं ने यात्रा को आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा देने वाला अनुभव बताया।






























