उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में खुफिया एजेंसी आईबी ने उज्बेकिस्तान की नागरिक लोला कायूमोवा को हिरासत में लिया है। उस पर विदेशी महिलाओं को अवैध तरीके से भारत लाकर हाई-प्रोफाइल देह व्यापार नेटवर्क चलाने का आरोप है। आईबी ने लोला को सुशांत गोल्फ सिटी थाने की पुलिस के हवाले कर दिया है। वो करीब एक साल से जांच एजेंसियों की नजर से बच रही थी।
विदेशी महिलाओं को लखनऊ लाने का आरोप
जांच एजेंसियों के मुताबिक, लोला कथित तौर पर नेपाल और उज्बेकिस्तान से महिलाओं को लखनऊ लाती थी। इसके बाद उन्हें शहर के पॉश इलाकों में किराए के फ्लैटों में रखा जाता था। आरोप है कि इन महिलाओं को देह व्यापार के नेटवर्क में शामिल किया जाता था।
प्लास्टिक सर्जरी से बदलवाती थी हुलिया
इस मामले का एक अहम पहलू प्लास्टिक सर्जरी से जुड़ा है। पुलिस की जांच के अनुसार, लोला डॉक्टर की मदद से विदेशी महिलाओं का हुलिया बदलवाती थी। इसके बाद उन्हें बदले हुए रूप में अलग-अलग जगहों पर रखा जाता था, ताकि उनकी पहचान छिपी रहे।
2025 की छापेमारी के बाद अंडरग्राउंड थी लोला
इस नेटवर्क का खुलासा जून 2025 में हुआ था। 20 जून को एफआरआरओ की टीम ने लखनऊ के न्यू हजरतगंज स्थित एक अपार्टमेंट में छापेमारी की थी। यहां से होलिडा और नीलोफर नाम की दो विदेशी महिलाओं को पकड़ा गया था। जांच में उनके पास कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज मिले और भारत में उनके अवैध रूप से रहने की बात सामने आई। इसके बाद से लोला फरार बताई जा रही थी।
उज्बेकिस्तान में भी लुकआउट नोटिस का दावा
जांच में ये भी सामने आया है कि लोला के खिलाफ उज्बेकिस्तान में लुकआउट नोटिस जारी होने की बात कही जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, उसने लखनऊ में कथित तौर पर गुपचुप तरीके से शादी की थी और भारत में अवैध रूप से रह रही थी। उसके नेपाल और उज्बेकिस्तान से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
अब पूरे नेटवर्क की जांच
लोला की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, विदेशी महिलाओं की भारत में एंट्री, फर्जी दस्तावेजों और इस पूरे नेटवर्क में शामिल संभावित सहयोगियों की जानकारी जुटा रही हैं। फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की आगे की जांच में जुटी हैं। आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी।
ये भी पढ़ें: मुंबई में MP की तीन महिलाओं का गैंग गिरफ्तार, गंदे कपड़े पहनकर भीड़ में करती थीं चोरी











