मनोरंजन

Salman Khan Controversy: पाकिस्तान ने सलमान खान को कहा आतंकी, तो तहसीन पूनावाला ने दिया ये करारा जवाब

सलमान खान

Salman Khan Controversy: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय विवाद में फंस गए हैं। पाकिस्तान की बलूचिस्तान सरकार ने उन्हें आतंकवाद-रोधी अधिनियम (1997) की चौथी अनुसूची (Fourth Schedule) में शामिल करने का दावा किया है। इस कदम से भारत में राजनीतिक और सोशल मीडिया दोनों पर खलबली मच गई है।

पाकिस्तान के कदम पर तहसीन पूनावाला का तीखा वार
इस पूरे विवाद पर राजनीतिक विश्लेषक और “बिग बॉस 13” के पूर्व कंटेस्टेंट तहसीन पूनावाला ने पाकिस्तान को कड़ी फटकार लगाई है। उन्होंने कहा कि भारत के मुसलमानों की वफादारी पर शक करना नादानी है।

तहसीन पूनावाला ने एक्स (Twitter) पर कहा, “सभी भारतीय मुसलमान अपने तिरंगे के लिए जीते हैं और उसके लिए मरते हैं। हमारे पूर्वजों ने गांधी और नेहरू के भारत को चुना था, जिन्ना के पाकिस्तान को नहीं।” उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान चाहे जितनी भी कोशिश कर ले, भारतीय मुसलमानों को न तो बरगलाया जा सकता है और न ही डराया जा सकता है।

“फेक न्यूज़ चलाकर या जुल्मों की झूठी कहानियां बनाकर आप भारत के मुसलमानों को अपने खिलाफ नहीं कर सकते। हर मुसलमान अपने देश भारत से वफादार है।”

 “अपने घर की समस्याओं पर ध्यान दो” – पाकिस्तान को सीधी चेतावनी
तहसीन पूनावाला ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख असिम मुनीर को संदेश देते हुए कहा कि उन्हें भारत नहीं, अपने देश की आंतरिक समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, “अगर पाकिस्तान में कोई कानून बने, जिसमें कहा जाए कि भारत के मुसलमान पाकिस्तान की नागरिकता ले सकते हैं, तो कितने लोग जाएंगे? जवाब है – शून्य। क्योंकि भारत के मुसलमान अपने देश में खुश हैं।”

आखिर कैसे शुरू हुआ सलमान खान विवाद?
दरअसल, ये पूरा विवाद सऊदी अरब की राजधानी रियाद में आयोजित “जॉय फोरम 2025” से शुरू हुआ, जहां सलमान खान, शाहरुख खान और आमिर खान एक मंच पर मौजूद थे। सलमान ने कहा था, “अगर आज आप यहां एक हिंदी फिल्म रिलीज करें, तो वो सुपरहिट होगी। तमिल, तेलुगु या मलयाली फिल्म बने, तो वो सैकड़ों करोड़ रुपये कमाएगी। यहां बलूचिस्तान, अफगानिस्तान, पाकिस्तान समेत कई देशों के लोग काम कर रहे हैं।”

सलमान के इस बयान में बलूचिस्तान और पाकिस्तान को अलग-अलग गिनाने पर पाकिस्तानी सोशल मीडिया यूज़र्स भड़क उठे। कई लोगों ने इसे “पाकिस्तान की एकता पर हमला” बताया और बलूचिस्तान को अलग देश बताने की कोशिश कहा।

भारत में समर्थन और पाकिस्तान में आक्रोश
भारत में जहां सलमान खान के बयान को “साहसिक और यथार्थवादी” कहा जा रहा है, वहीं पाकिस्तान में इसे “अपमानजनक” बताकर विरोध किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर #ISupportSalmanKhan ट्रेंड कर रहा है।

ये भी पढ़ें: Asian Youth Games 2025: श्रिया मिलिंद साटम ने MMA में सिल्वर जीतकर रचा इतिहास, भारत को दिलाया 17वां पदक

You may also like