महाराष्ट्र में फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। उत्तर प्रदेश के बाद अब मुंबई में भी फिल्म के टाइटल और कथित कंटेंट को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। मुंबई के प्रमुख सामाजिक संगठन यादव संघ ने फिल्म के नाम और कहानी पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसकी रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है।
टाइटल को लेकर आपत्ति, पब्लिसिटी स्टंट का आरोप
यादव संघ का कहना है कि फिल्म का शीर्षक जानबूझकर ऐसा रखा गया है जिससे यादव समाज की भावनाएं आहत हों और फिल्म को मुफ्त में प्रचार मिल सके। संगठन के प्रतिनिधियों का आरोप है कि किसी विशेष जाति का नाम जोड़कर फिल्म बनाना और उसे नकारात्मक संदर्भ में प्रस्तुत करना सामाजिक रूप से गैर-जिम्मेदाराना कदम है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस तरह की फिल्मों से समाज में गलत संदेश जा सकता है और सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।
कंटेंट और समुदाय की भागीदारी पर उठे सवाल
विरोध कर रहे संगठनों का दावा है कि फिल्म में एक खास जाति की छवि को गलत तरीके से दिखाया गया है। उनका ये भी कहना है कि फिल्म की निर्माण टीम और कलाकारों में यादव समुदाय से कोई प्रतिनिधित्व नहीं है। ऐसे में बिना समुदाय की भागीदारी के उनके नाम का उपयोग क्यों किया गया – ये बड़ा सवाल बन गया है। संगठनों का तर्क है कि किसी भी समाज या जाति को केंद्र में रखकर फिल्म बनाते समय संवेदनशीलता और जिम्मेदारी आवश्यक है।
सरकार और सेंसर बोर्ड से हस्तक्षेप की मांग
मुंबई यादव संघ के सचिव दीपक यादव ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, मुंबई पुलिस और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। संगठन ने फिल्म के टीजर और प्रस्तावित रिलीज पर रोक लगाने की अपील की है।
साथ ही ये चेतावनी भी दी गई है कि यदि फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया तो बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स संचालकों को भी सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
निर्माताओं की चुप्पी, विवाद जारी
अब तक फिल्म के निर्माताओं या कलाकारों की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, विरोध का दायरा बढ़ता जा रहा है और मामला राजनीतिक तथा सामाजिक रूप से संवेदनशील बनता जा रहा है।
फिलहाल सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि सेंसर बोर्ड और राज्य सरकार इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाते हैं। आने वाले दिनों में ये विवाद और तेज हो सकता है।
ये भी पढ़ें: Ranveer Singh से करोड़ों की रंगदारी मांगने का मामला: बिश्नोई गैंग के सदस्य के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी






























