देश-विदेश

NEET Paper Leak Case: जयपुर से नासिक तक फैला पेपर लीक नेटवर्क, सीकर के दो कोचिंग सेंटर जांच के घेरे में

NEET
Image Source - Web

NEET UG 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद पेपर लीक मामले में लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं। शुरुआती जांच में अब राजस्थान, महाराष्ट्र, हरियाणा, केरल और तमिलनाडु तक फैले एक बड़े नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, पेपर लीक की कड़ी जयपुर से जुड़ती नजर आ रही है, जहां NEET परीक्षा का प्रश्न पत्र छापा गया था।

जयपुर से शुरू हुई लीक की आशंका

जांच एजेंसियों के अनुसार NEET UG 2026 का प्रश्न पत्र राजस्थान के जयपुर में प्रिंट किया गया था। हालांकि पेपर तैयार और प्रिंट करने वाली एजेंसी का नाम अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन शुरुआती जांच में यहीं से लीक की शुरुआत होने की आशंका जताई जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, प्रश्न पत्र सबसे पहले महाराष्ट्र के नासिक में लीक हुआ और उसके बाद ये अलग-अलग राज्यों में तेजी से फैलता चला गया।

नासिक से हरियाणा, केरल और तमिलनाडु तक पहुंचा पेपर

जांच में सामने आया है कि नासिक से प्रश्न पत्र हरियाणा पहुंचा, वहां से इसे केरल और तमिलनाडु में शेयर किया गया। बाद में यह पेपर राजस्थान के सीकर तक पहुंचा। जांच एजेंसियां अब ये पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर ये नेटवर्क किन लोगों के जरिए संचालित किया जा रहा था।

सीकर के दो बड़े कोचिंग सेंटर पर शक

राजस्थान का सीकर लंबे समय से मेडिकल और इंजीनियरिंग कोचिंग का बड़ा केंद्र माना जाता है। अब इस मामले में सीकर के दो बड़े कोचिंग संस्थानों के नाम भी सामने आ रहे हैं। हालांकि आधिकारिक तौर पर किसी संस्थान का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन जांच एजेंसियां इन कोचिंग सेंटरों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही हैं।

छात्रों के मोबाइल से मिले अहम सबूत

स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) द्वारा हिरासत में लिए गए कुछ छात्रों के मोबाइल फोन की जांच में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। सूत्रों के मुताबिक, प्रश्न पत्र को मोबाइल और मैसेजिंग ऐप्स के जरिए बड़ी संख्या में फॉरवर्ड किया गया था। डिजिटल फॉरेंसिक जांच में पेपर शेयरिंग से जुड़े कई इलेक्ट्रॉनिक सबूत सामने आए हैं।

छात्रों की शिकायत के बाद शुरू हुई जांच

बताया जा रहा है कि परीक्षा के बाद कई छात्रों ने NEET परीक्षा में गड़बड़ी और पेपर लीक की शिकायत NTA को भेजी थी। इसके बाद खुफिया एजेंसी IB ने मामले की जानकारी राजस्थान सरकार को दी। शिकायतों और शुरुआती रिपोर्ट्स के आधार पर राजस्थान SOG ने जांच शुरू की।

अब मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने इसकी जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है।

NTA ने रद्द की NEET UG 2026 परीक्षा

पेपर लीक और परीक्षा प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोपों के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया। एजेंसी का कहना है कि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए ये कदम जरूरी था।

लाखों छात्रों के भविष्य पर असर

NEET UG देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा मानी जाती है, जिसमें हर साल लाखों छात्र शामिल होते हैं। परीक्षा रद्द होने से छात्रों और अभिभावकों में भारी चिंता और नाराजगी देखी जा रही है। अब सभी की नजरें CBI जांच और दोबारा होने वाली परीक्षा की नई तारीखों पर टिकी हुई हैं।

ये भी पढ़ें: NEET UG 2026 Exam Cancelled: पेपर लीक के आरोपों के बाद NTA ने रद्द की परीक्षा, CBI जांच और री-एग्जाम का ऐलान

You may also like