उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर अक्सर सरकार की ओर से सख्त कार्रवाई और अपराध में कमी के दावे किए जाते हैं। लेकिन गाजियाबाद से सामने आई एक घटना ने इन दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया में वायरल हो रही खबर के मुताबिक, एक युवक से दिनदहाड़े उसका iPhone 16 छीन लिया गया और आरोप है कि तत्काल मदद की गुहार लगाने के बावजूद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करने के बजाय उससे पहले फोन का बिल लाने को कहा।
बात करते समय हमला, चेहरे पर मारा ब्लेड
मिली जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद में एक युवक अपने iPhone 16 पर किसी से बात कर रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उसके पास पहुंचे और कथित तौर पर उसके चेहरे पर ब्लेड से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी उसका iPhone 16 छीनकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने बदमाशों का पीछा कर अपना फोन वापस पाने की कोशिश की, लेकिन वह उन्हें पकड़ने में सफल नहीं हो सका।
पुलिस स्टेशन पहुंचा पीड़ित, लगाया मदद नहीं मिलने का आरोप
पीड़ित युवक का कहना है कि वो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन पहुंचा और पुलिसकर्मियों को पूरी घटना की जानकारी दी। उसने पुलिस से कहा कि आरोपी ज्यादा दूर नहीं गए होंगे और अगर तुरंत कार्रवाई की जाए तो उन्हें पकड़ा जा सकता है।
हालांकि, युवक का आरोप है कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करने के बजाय उससे पहले यह साबित करने को कहा कि iPhone उसी का है। इसके लिए उससे फोन का बिल लाने को कहा गया।
मां के साथ बिल लेकर पहुंचा युवक, तब दर्ज हुई शिकायत
युवक के अनुसार, वो कुछ समय बाद अपनी मां के साथ फोन का बिल लेकर दोबारा पुलिस स्टेशन पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज की। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत भी लूट के बजाय गुमशुदगी के रूप में दर्ज की गई।

सोशल मीडिया पर उठ रहे सवाल
इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोग पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर पीड़ित की सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाती, तो संभव है कि आरोपियों को जल्द पकड़ा जा सकता था।
हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक रूप से क्या कार्रवाई की गई है और आरोपियों की तलाश किस स्तर पर पहुंची है, इसे लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
फिलहाल, ये मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और कानून-व्यवस्था तथा पुलिस की त्वरित कार्रवाई को लेकर कई सवाल खड़े कर रहा है।
ये भी पढ़ें: सिंधुदुर्ग: 5 साल बाद खुला दोस्त की हत्या का राज, डेढ़ लाख के लिए रची थी हादसे की साजिश























