राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर मामला सामने आया है। एक महिला ने आरोप लगाया है कि देर रात बस स्टॉप के पास समय पूछने के दौरान उसे जबरन स्लीपर बस के अंदर खींच लिया गया, जहां बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद महिला को सुनसान इलाके में छोड़ दिया गया। पीड़िता की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में इस्तेमाल बस को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, महिला देर रात काम से लौट रही थी। इसी दौरान वो बस के पास खड़े लोगों से समय पूछने के लिए रुकी थी। आरोप है कि तभी बस में मौजूद लोगों ने उसे अंदर खींच लिया और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है और आसपास के CCTV फुटेज, बस की लोकेशन तथा अन्य तकनीकी सबूतों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की हर एंगल से जांच की जा रही है।
इस घटना के सामने आने के बाद महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर भी लोग घटना को लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
ये भी पढ़ें: निदा खान केस में बड़ा खुलासा: लैपटॉप से मिले 136 संदिग्ध अंतरराष्ट्रीय संपर्क






























