देश-विदेश

मालदा में आम के बगीचे में जोरदार धमाका, क्रूड बम फटने से तीन बच्चे घायल

मालदा
Image Source - Web

पश्चिम बंगाल के मालदा जिले से एक बेहद चिंताजनक और दर्दनाक घटना सामने आई है। जिले के इंग्लिश बाजार थाना क्षेत्र के बहन्नाबिघा इलाके में स्थित एक आम के बगीचे में अचानक हुए क्रूड बम विस्फोट में तीन बच्चे घायल हो गए। हादसे में एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे इलाज के लिए मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, बच्चे आम बीनने के लिए बगीचे में गए थे। इसी दौरान उनमें से एक बच्चे को झाड़ियों के बीच एक ऐसी वस्तु दिखाई दी, जो देखने में आम जैसी लग रही थी। बताया जा रहा है कि जैसे ही बच्चे ने उसे उठाकर अपने बैग में रखने की कोशिश की, वो वस्तु अचानक फट गई और तेज धमाके के साथ आसपास मौजूद तीनों बच्चे इसकी चपेट में आ गए।

विस्फोट की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। अधिकारियों का कहना है कि ये एक देसी या क्रूड बम था और ये वहां कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है।

इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों ने सार्वजनिक स्थानों और कृषि क्षेत्रों में विस्फोटक सामग्री की मौजूदगी पर चिंता जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों पर छिपे खतरों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ये भी पढ़ना: गाजियाबाद में युवक पर ब्लेड से हमला कर लूटा iPhone 16, पीड़ित ने लगाया पुलिस पर लापरवाही का आरोप

You may also like