मुंबई सेंट्रल और बोरीवली के बीच प्रस्तावित छठी रेल लाइन के काम को आगे बढ़ाने के लिए बांद्रा स्टेशन पर नया प्लेटफॉर्म बनाने की योजना है। पूर्वी दिशा में बनने वाला प्लेटफॉर्म नंबर 8 यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के साथ लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ाने में भी मददगार हो सकता है।
नया प्लेटफॉर्म उस जगह के पास बनाया जाना है, जहां पहले गरीब नगर बस्ती का क्षेत्र था। इसके साथ बांद्रा-खार फ्लाईओवर के पुनर्निर्माण और बीएमसी के नॉर्थ साइड फुटओवर ब्रिज में जरूरी बदलाव किए जाने की योजना है।
प्लेटफॉर्म 8 के लिए पुनर्वास अभी बाकी
बांद्रा स्टेशन पर फिलहाल सात प्लेटफॉर्म हैं। इनमें प्लेटफॉर्म नंबर 1 से 4 मुख्य लाइन की लोकल ट्रेनों के लिए, जबकि 5 से 7 हार्बर लाइन की सेवाओं के लिए इस्तेमाल होते हैं। नया प्लेटफॉर्म तैयार होने के बाद स्टेशन पर कुल आठ प्लेटफॉर्म हो जाएंगे।
हालांकि, निर्माण शुरू करने से पहले परियोजना से प्रभावित करीब 100 लोगों का पुनर्वास किया जाना बाकी है। इन्हें एमएमआरडीए की ओर से दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाना है। इस पुनर्वास को लेकर 29 अप्रैल 2026 को हाई कोर्ट की ओर से भी निर्देश दिए गए थे। जब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं होती, परियोजना से जुड़े कुछ अन्य काम प्रभावित रह सकते हैं।
बांद्रा-खार फ्लाईओवर का भी होगा पुनर्निर्माण
मुंबई सेंट्रल से बोरीवली के बीच छठी लाइन परियोजना में दादर से खार रोड तक का हिस्सा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसी के तहत बांद्रा-खार फ्लाईओवर के पुनर्निर्माण की तैयारी चल रही है।
इसके लिए संशोधित लेआउट और स्ट्रक्चरल डिजाइन तैयार किया जा रहा है, जिसे 31 अक्टूबर 2026 तक तैयार करने का लक्ष्य है। हार्बर लाइन की सेवाओं पर कम से कम असर पड़े, इसके लिए फ्लाईओवर के नॉर्थ रैंप में प्रीकास्ट बॉक्स सेगमेंट तकनीक के इस्तेमाल की योजना है।
कब तक पूरा होने की उम्मीद?
परियोजना के तय कार्यक्रम के अनुसार मुंबई सेंट्रल-दादर सेक्शन मार्च 2029 तक और दादर-खार रोड सेक्शन दिसंबर 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
छठी रेल लाइन और बांद्रा में नए प्लेटफॉर्म के निर्माण से पश्चिम रेलवे के उपनगरीय नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने और भविष्य में लोकल सेवाओं के विस्तार में मदद मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: Mumbai Airport का T1 होगा रीडेवलप, उड़ानों की शिफ्टिंग पर एयरलाइंस और ऑपरेटर में टकराव



























