भारत में गर्मी का कहर जारी है और लोगों का बुरा हाल है। दिल्ली में एक डॉक्टर ने सोशल मीडिया पर बताया कि उनके पास हीट स्ट्रोक के तीन मरीज आए, जिनमें से दो की मौत हो चुकी थी। एक मरीज की हालत इतनी गंभीर थी कि उसके शरीर का तापमान 109.5°F तक पहुंच गया था, जो मलेरिया और दूसरे बुखारों से भी ज्यादा होता है।
आमतौर पर शरीर का तापमान 97.5°F होता है और बुखार में ये 100.4°F से 103°F तक जा सकता है। मलेरिया जैसे गंभीर रोगों में ये 104°F या 105°F तक पहुंच सकता है। लेकिन हीट स्ट्रोक के इस मामले में तापमान 109.5°F तक पहुंच गया था, जो बेहद खतरनाक है।
डॉक्टर ने किया खुलासा
दिल्ली की डॉक्टर मोनिका लांघे ने सोशल मीडिया पर इस घटना के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि उनके पास तीन मरीज आए थे, जिनमें से दो की मौत हो चुकी थी। एक मरीज गार्ड था और दूसरा मजदूर था। दोनों की मौत हीट स्ट्रोक से हुई थी। तीसरे मरीज को ICU में भर्ती कराया गया था। वो एक घरेलू नौकर था और उसका तापमान 109.5°F था।
डॉक्टर ने दी ये सलाह
डॉक्टर ने लोगों को गर्मी से बचने के लिए खूब सारा पानी पीने, नारियल पानी और ORS पीने की सलाह दी है। उन्होंने लोगों से ये भी अपील की है कि वे घर के काम करने वालों, गार्ड और धूप में काम करने वाले दूसरे लोगों का खास ख्याल रखें।
ये भी पढ़ें: डोंबिवली ब्लास्ट: बॉयलर फटने से मौत का आंकड़ा पहुंचा 10, बचाव कार्य जारी