मुंबई

मुंबई में बढ़ती गर्मी: हीट वेव का अलर्ट, अगले तीन दिन सावधान रहें!

मुंबई
Image Source - Web

मुंबई में गर्मी अपने चरम पर पहुंचने लगी है और आने वाले दिनों में ये और ज्यादा सताएगी। क्षेत्रीय मौसम विभाग ने हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले तीन दिनों में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि कुछ इलाकों में ये 40 डिग्री सेल्सियस तक भी जा सकता है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अरब सागर में बने ऐंटि साइक्लोन की वजह से मुंबई और आसपास के इलाकों में गर्मी बढ़ रही है। इसके कारण दिन के समय तेज गर्मी का एहसास होगा और ठंडी हवाएं उत्तर से मुंबई तक नहीं पहुंच पाएंगी। इस साल फरवरी से ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए थे। बीते कुछ हफ्तों में मुंबई और ठाणे समेत अन्य इलाकों में हीट वेव भी चली। हाल ही में मुंबई का तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर चला गया था। रविवार को मुंबई का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

गर्मी का असर केवल मुंबई तक ही सीमित नहीं है। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार, उत्तरी अरब सागर में बने ऐंटि साइक्लोन की वजह से गर्म हवाएं गुजरात और महाराष्ट्र तक पहुंच रही हैं। पूर्वी हवा के प्रभाव के कारण ठंडी हवाओं का रास्ता भी बंद हो गया है, जिससे तापमान में गिरावट नहीं हो रही है।

बताया जा रहा है कि, अगले तीन दिनों यानी सोमवार से बुधवार तक मुंबई और आसपास के इलाकों में तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक बना रहेगा। हालांकि, गुरुवार से तापमान में गिरावट शुरू होने की संभावना है। समुद्र से आने वाली ठंडी हवाएं सक्रिय होंगी, जिससे अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ सकता है और रात का तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा।

जानकारी हो कि गर्मी और हीट वेव के चलते अब तक महाराष्ट्र में चार लोग हीट स्ट्रोक का शिकार हो चुके हैं। ऐसे में इस बात का ध्यान रखें कि, दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें और ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं, ताकि शरीर डिहाइड्रेट न हो। गर्मी से बचने के लिए छतरी या टोपी का इस्तेमाल करें और हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें। सीधे धूप से एसी में जाने और फिर एसी से धूप में निकलने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे शरीर पर बुरा असर पड़ सकता है।

गौरतलब है कि मुंबई और आसपास के इलाकों में गर्मी ने इस बार जल्दी ही कहर बरपाना शुरू कर दिया है। अगले तीन दिनों तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, इसलिए सावधान रहें और डॉक्टरों की सलाह को अपनाकर अपनी सेहत का ध्यान रखें। गुरुवार से राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन तब तक हीट वेव से खुद को सुरक्षित रखना ही सबसे बेहतर उपाय है।

ये भी पढ़ें: कनाडा के नए पीएम मार्क कार्नी का ऐलान – “अनुचित टैरिफ का अमेरिका को देंगे कड़ा जवाब”

You may also like