मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकॉक से आई एक 28 वर्षीय युवती को गिरफ्तार किया है। उसके सामान से 11.824 किलोग्राम हाई-क्वालिटी हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 11.82 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
ट्रॉली बैग से मिले 12 वैक्यूम-सील पैकेट
कस्टम अधिकारियों के अनुसार, बैंकॉक से मुंबई पहुंची युवती पर संदेह होने के बाद उसके सामान की जांच की गई। तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग से 12 वैक्यूम-सील पारदर्शी पैकेट बरामद हुए, जिनमें हाइड्रोपोनिक वीड छिपाकर लाई गई थी।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
बरामद मादक पदार्थ को जब्त करने के बाद कस्टम विभाग ने युवती के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी एक निजी कंपनी में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत थी। कस्टम विभाग अब इस मामले में उसके अन्य सहयोगियों और संभावित अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क की कड़ियों की जांच कर रहा है।
ये भी पढ़ें: इंडस्ट्रियल और कमर्शियल ग्राहकों को पेट्रोल पंपों से नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल, 90 दिनों के लिए लगी रोक






























