भारत और पाकिस्तान के बीच भले ही राजनीतिक रिश्ते तनावपूर्ण चल रहे हों, लेकिन क्रिकेट ने एक बार फिर दोनों देशों के लोगों को जोड़ने का काम किया है। भारत की महिला क्रिकेट टीम ने वर्ल्ड कप 2025 का खिताब जीतकर इतिहास रचा, और इस जीत का जश्न सरहद के उस पार पाकिस्तान में भी देखने को मिला।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक पाकिस्तानी परिवार भारत की जीत का जश्न मनाते हुए नजर आ रहा है। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस वीडियो में एक शख्स दिल पर हाथ रखकर पूरे सम्मान और जोश के साथ भारत का राष्ट्रगान “जन गण मन” गाता दिखाई दे रहा है। उसके साथ खड़ी बच्चियां और एक बुजुर्ग व्यक्ति भी राष्ट्रगान में शामिल हैं। ये नज़ारा देखकर हर कोई हैरान है क्योंकि जहां राजनीतिक माहौल में तल्ख़ी है, वहीं आम लोग खेल के ज़रिए एकता और सम्मान का संदेश दे रहे हैं।
वीडियो के अगले हिस्से में पाकिस्तानी फैंस भारत की महिला टीम की जीत का जश्न मनाते हुए केक काटते दिखाई देते हैं। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को अब तक लाखों व्यूज़ मिल चुके हैं, और लोग इसे खेल भावना की एक शानदार मिसाल बता रहे हैं।
View this post on Instagram
भारत ने आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराया। ये मुकाबला नवी मुंबई के डी.वाई. पाटिल स्टेडियम में खेला गया था। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 299 रन का लक्ष्य रखा था, जिसके जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 246 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ भारत ने महिला क्रिकेट के इतिहास में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ दिया।
पहलगाम आतंकी हमले और एशिया कप विवाद के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव का माहौल था। भारत ने एशिया कप में पाकिस्तान टीम के साथ हाथ नहीं मिलाया था और मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से भी इनकार कर दिया था। इन घटनाओं ने दोनों देशों के बीच मतभेद और बढ़ा दिए थे। लेकिन अब पाकिस्तानी फैंस का ये वीडियो साबित करता है कि खेल की भावना सीमाओं से परे होती है।
भारत की जीत और पाकिस्तान में मनाए गए इस जश्न ने ये दिखा दिया है कि खेल सिर्फ मुकाबला नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने का जरिया है। भले ही सरहदें हमें अलग करती हों, लेकिन जज़्बा और जुनून इंसानियत को एक कर देता है।
ये भी पढ़ें: विश्वविजयी बेटियां: 52 साल का इंतजार खत्म, भारत बना महिला वनडे वर्ल्ड चैंपियन!





























