T20 World Cup 2026: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने साल 2026 में होने वाले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। ये टूर्नामेंट अगले साल फरवरी-मार्च में भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। टी20 क्रिकेट के इस महाकुंभ की शुरुआत 7 फरवरी 2026 से होगी, जिसमें कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी।
बीसीसीआई ने इस वैश्विक टूर्नामेंट के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम का चयन किया है। खास बात ये है कि टीम की कमान सूर्यकुमार यादव को सौंपी गई है, जबकि अनुभवी ऑलराउंडर अक्षर पटेल को उपकप्तान बनाया गया है।
शुभमन गिल बाहर, चयन पर उठे सवाल
टीम चयन की सबसे बड़ी चर्चा शुभमन गिल को लेकर रही, जिन्हें इस बार 15 सदस्यीय स्क्वॉड में जगह नहीं मिली है। इसके अलावा जितेश शर्मा भी टीम का हिस्सा नहीं हैं। चयन समिति ने हालिया प्रदर्शन और घरेलू परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए संतुलित टीम बनाने की कोशिश की है।
ईशान किशन और रिंकू सिंह की वापसी
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करने वाले ईशान किशन को एक बार फिर टीम इंडिया में मौका मिला है। उन्होंने हाल ही में घरेलू टूर्नामेंट में 500 से ज्यादा रन बनाए थे। वहीं, मिडिल ऑर्डर में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से पहचान बना चुके रिंकू सिंह को भी वर्ल्ड कप स्क्वॉड में शामिल किया गया है।
कंडीशंस के हिसाब से संतुलित टीम
भारत और श्रीलंका की पिचों को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई ने बल्लेबाजों, ऑलराउंडर्स और गेंदबाजों का संतुलित संयोजन चुना है। टीम में स्पिन और पेस दोनों विभागों को मजबूती दी गई है, जिससे घरेलू और उपमहाद्वीपीय परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाया जा सके।
2026 टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम में 4 बल्लेबाजों की लिस्ट में सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और रिंकू सिंह के नाम शामिल हैं। तो वहीं विकेटकीपर के तौर पर संजू सैमसन और ईशान किशन का नाम आया है। इनके अलावा ऑलराउंडर खिलाडियों की लिस्ट में हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल (उपकप्तान) के नाम की घोषणा की गई है। तो वहीं टीम में गेंदबाज के तौर पर जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती के नामों की घोषणा हुई है।
🚨India’s squad for ICC Men’s T20 World Cup 2026 announced 🚨
Let’s cheer for the defending champions 💪#TeamIndia | #MenInBlue | #T20WorldCup pic.twitter.com/7CpjGh60vk
— BCCI (@BCCI) December 20, 2025
गौरतलब है कि 2026 टी20 वर्ल्ड कप में कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है। भारत को ग्रुप-ए में रखा गया है। इस ग्रुप में भारत के साथ अमेरिका, नामीबिया, नीदरलैंड्स और पाकिस्तान शामिल हैं।
टूर्नामेंट के मुकाबले भारत के पांच और श्रीलंका के तीन वेन्यू पर खेले जाएंगे। अगर पाकिस्तान फाइनल तक नहीं पहुंचता है, तो खिताबी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। हालांकि, पाकिस्तान के सभी मैच श्रीलंका में होंगे और यदि वो सेमीफाइनल या फाइनल में पहुंचता है, तो उसके नॉकआउट मुकाबले भी श्रीलंका में ही आयोजित किए जाएंगे।
लीग स्टेज में भारत का शेड्यूल
7 फरवरी: भारत बनाम अमेरिका
12 फरवरी: भारत बनाम नामीबिया
15 फरवरी: भारत बनाम पाकिस्तान
18 फरवरी: भारत बनाम नीदरलैंड्स































