महाराष्ट्र

पिंपरी-चिंचवड़ से पुणे तक बिजली गुल, सब-स्टेशन में धमाके के बाद मचा हड़कंप

पिंपरी-चिंचवड़

पुणे: महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ इलाके में रविवार को बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हो गई। चिंचवड़ स्थित महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (MSETCL) के 220 केवी एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज सब-स्टेशन में दोपहर करीब 12:25 बजे तकनीकी खराबी के बाद जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद सब-स्टेशन में आग लग गई और आसपास के बड़े इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

अधिकारियों के मुताबिक, धमाका 22 केवी करंट ट्रांसफॉर्मर (CT) और ब्रेकर यूनिट में हुआ था। आग पर कुछ ही समय में काबू पा लिया गया, लेकिन सब-स्टेशन के प्रभावित हिस्से को बंद करना पड़ा। इस तकनीकी खराबी का असर पिंपरी-चिंचवड़, भोसरी और पुणे शहर के कई हिस्सों पर पड़ा। करीब 3.1 लाख बिजली उपभोक्ता इस व्यवधान से प्रभावित हुए।

पुणे के कई इलाकों में भी असर

बिजली आपूर्ति बाधित होने का असर पुणे के कुछ हिस्सों में भी देखने को मिला। शिवाजीनगर, औंध, गणेशखिंड, सेनापति बापट रोड, मॉडल कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में भी बिजली गुल हुई। रिपोर्टों के अनुसार, पुणे के इन इलाकों में करीब 50 हजार उपभोक्ता प्रभावित हुए। वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए कई क्षेत्रों में दोपहर बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई।

पुणे मेट्रो सेवा भी प्रभावित

सब-स्टेशन में हुए धमाके का असर पुणे मेट्रो सेवा पर भी पड़ा। बिजली आपूर्ति में व्यवधान के कारण PCMC से स्वारगेट के बीच चलने वाली मेट्रो सेवा कुछ समय के लिए रोकनी पड़ी। इस दौरान कॉरिडोर पर चल रही कई ट्रेनें प्लेटफॉर्म पर रुकी रहीं। वैकल्पिक बिजली आपूर्ति की व्यवस्था के बाद मेट्रो सेवा दोबारा शुरू कर दी गई।

औद्योगिक इकाइयों पर भी पड़ा असर

चिंचवड़ सब-स्टेशन से जुड़े फीडरों में खराबी के कारण चाकण, तळेगांव और आंबेठाण क्षेत्र की कई औद्योगिक इकाइयों की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। रिपोर्ट के मुताबिक करीब 1,500 औद्योगिक इकाइयों को इस व्यवधान का सामना करना पड़ा और कुछ क्षेत्रों में शाम तक बिजली आपूर्ति सामान्य हो सकी।

बिजली कटौती का असर पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम की जल आपूर्ति व्यवस्था पर भी पड़ा। बिजली बहाल होने तक कुछ इलाकों में पानी वितरण प्रभावित रहा।

MSETCL और महावितरण की टीमों ने खराबी वाले हिस्से को अलग कर वैकल्पिक मार्गों से बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम शुरू किया। अधिकांश प्रभावित इलाकों में चरणबद्ध तरीके से बिजली वापस लाई गई, जबकि सब-स्टेशन से जुड़ी पूरी बिजली आपूर्ति देर रात तक बहाल होने की जानकारी सामने आई है।

You may also like