Navi Mumbai: खाद्य सुरक्षा को लेकर नवी मुंबई में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) और नवी मुंबई क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने तुर्भे के TTC इंडस्ट्रियल एरिया स्थित साधना एंटरप्राइजेज पर छापेमारी कर करीब ₹5.75 करोड़ कीमत के 4,142 कार्टन खाद्य उत्पाद जब्त किए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान पैकेटों पर दर्ज मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी/यूज-बाय डेट में कथित तौर पर छेड़छाड़ के सबूत मिले। पुराने तारीख वाले लेबल हटाकर उनकी जगह नई तारीखों वाले स्टिकर लगाए जाने की बात सामने आई है। इसके अलावा, खाद्य सामग्री, सामग्री सूची और न्यूट्रिशन संबंधी जानकारी वाले स्टिकरों में भी बदलाव किए जाने की आशंका जताई गई है।
कई बड़े ब्रांडों के उत्पाद मिले
जब्त किए गए स्टॉक में Lays, Kurkure, Bingo, Fun Flips, Maggi, Rasoi, Knorr, Hellmann’s, Thums Up और Limca जैसे कई लोकप्रिय ब्रांडों के उत्पाद शामिल बताए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, ये स्टॉक करीब 10 कंपनियों से जुड़ा हुआ था।
कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब ₹30,600 कीमत के बिना लेबल वाले और एक्सपायर्ड खाद्य उत्पाद भी जब्त किए। जांचकर्ताओं को आशंका है कि पैकेजिंग की नकल कर उत्पादों को दोबारा बाजार में उतारने की कोशिश की जा रही थी।
FSSAI एक्ट के तहत FIR दर्ज
मामले में तुर्भे पुलिस स्टेशन में FSSAI Act, 2006 और भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। वहीं, साधना एंटरप्राइजेज का फूड लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों की ये कार्रवाई खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और एक्सपायरी डेट से जुड़ी कथित हेराफेरी पर गंभीर सवाल खड़े करती है। मामले की आगे की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें: Bihar News: बिहार में 4 युवकों की मौत से मचा हड़कंप, जहरीली शराब के आरोपों पर सियासत तेज




























