मुंबई में फिल्ममेकर रोहित शेट्टी (Rohit Shetty) के घर पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने इस केस में 13वें आरोपी प्रवीण लोनकर को गिरफ्तार कर लिया है। प्रवीण लोनकर को आर्थर रोड जेल से हिरासत में लिया गया, जहां वो पहले से ही एक अन्य आपराधिक मामले में बंद था।
गिरफ्तारी के बाद 6 मार्च को आरोपी को विशेष मकोका (MCOCA) कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उसे 16 मार्च तक मुंबई क्राइम ब्रांच की कस्टडी में भेज दिया है। पुलिस अब उससे इस पूरे मामले को लेकर गहन पूछताछ करेगी।
बाबा सिद्दीकी हत्या मामले में भी आरोपी
पुलिस के अनुसार प्रवीण लोनकर पहले से ही बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में जेल में बंद है। जांच के दौरान जब रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की साजिश में उसकी भूमिका सामने आई, तब क्राइम ब्रांच ने उसे इस केस में भी गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में अब तक कई आरोपियों को अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया जा चुका है।
जेल के अंदर से रची गई थी साजिश
मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग की साजिश जेल के अंदर से ही रची गई थी। जांच में सामने आया है कि इस साजिश में प्रवीण लोनकर भी सक्रिय रूप से शामिल था।
बताया जा रहा है कि फायरिंग में इस्तेमाल होने वाली बंदूकें एक गुप्त स्थान पर रखी गई थीं और उस जगह की जानकारी केवल प्रवीण लोनकर को ही थी।
तीन हथियारों का इस्तेमाल होने की जानकारी
क्राइम ब्रांच के अनुसार इस मामले में कुल तीन हथियारों का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी आसाराम फासले को प्रवीण लोनकर के निर्देश पर उस गुप्त स्थान से तीनों बंदूकें लाने के लिए भेजा गया था।
आसाराम फासले ने वहां से हथियार लेकर उन्हें आरोपी स्वप्निल सकट को सौंप दिया था। इसके बाद इन हथियारों का इस्तेमाल फायरिंग की घटना में किया गया।
पुणे मॉड्यूल की भी भूमिका
पुलिस जांच में ये भी सामने आया है कि इस घटना में पुणे मॉड्यूल की अहम भूमिका थी। रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग के लिए इस्तेमाल की गई गाड़ी और हथियारों की व्यवस्था इसी मॉड्यूल द्वारा की गई थी।
मुंबई क्राइम ब्रांच के मुताबिक इस पूरे नेटवर्क को प्रवीण लोनकर ही समन्वित कर रहा था।
आमने-सामने बैठाकर होगी पूछताछ
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए अब प्रवीण लोनकर को इस केस में पहले से गिरफ्तार अन्य आरोपियों के साथ आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी। इनमें पुणे और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किए गए आरोपी भी शामिल हैं।
आगे और खुलासों की संभावना
प्रवीण लोनकर की गिरफ्तारी के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच को उम्मीद है कि इस मामले में और भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है। जांच एजेंसियां अब ये पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस साजिश के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल थे और इसका मकसद क्या था।
पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस हाई-प्रोफाइल मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें: Oscar 2026 में दिखेगा Priyanka Chopra का जलवा, हॉलीवुड सितारों के साथ बनेंगी प्रेजेंटर






























