देश-विदेश

Nvidia ने भारतीय कर्मचारियों पर लुटाया बोनस, शेयर के रूप में 1 करोड़ तक का फायदा

Nvidia
Image Source - Web

दुनिया की सबसे मूल्यवान टेक कंपनियों में शामिल Nvidia ने भारत में अपने कर्मचारियों के लिए बड़ा बोनस पैकेज घोषित किया है। एआई चिप बनाने वाली इस अमेरिकी कंपनी ने अपने भारतीय स्टाफ को शेयर के रूप में विशेष बोनस दिया है, जिसकी कुल वैल्यू लाखों से लेकर करोड़ तक पहुंच रही है।

भारत में Nvidia के करीब 10,000 कर्मचारी कार्यरत हैं और इनमें से अधिकांश को इस विशेष बोनस का लाभ मिला है। रिपोर्ट के अनुसार, कर्मचारियों को 5 लाख रुपये से लेकर 1 करोड़ रुपये तक का बोनस दिया जा रहा है, जो अगले चार वर्षों में चरणबद्ध तरीके से मिलेगा।

क्या है ये स्पेशल बोनस?

जानकारी के मुताबिक, ये “वन-टाइम स्पेशल स्टॉक ग्रांट” है, जिसे कंपनी के सीईओ जेंसन हुआंग की पहल पर शुरू किया गया। इस योजना के तहत कर्मचारियों को उनके मौजूदा रेस्ट्रिक्टेड स्टॉक यूनिट्स (RSU) के अलावा अतिरिक्त 25% शेयर दिए जा रहे हैं।

इस योजना की शुरुआत 2024 में हुई थी और ये बोनस कर्मचारियों को धीरे-धीरे चार साल में दिया जाएगा। पहली किस्त सितंबर 2024 में जारी की गई थी और इसके बाद हर तिमाही 2028 तक भुगतान जारी रहेगा।

कैसे मिलेगा पैसा?

कर्मचारियों को मिलने वाली ये राशि कंपनी के शेयर के रूप में दी जा रही है। इसकी वैल्यू डॉलर में तय की गई है, जिसे भारतीय मुद्रा में बदला गया है। शेयर की औसत कीमत के आधार पर इसकी गणना की गई है।

उदाहरण के तौर पर, एक मिड-लेवल कर्मचारी को इस स्कीम के तहत अतिरिक्त RSU मिले हैं, जिनकी कीमत लाखों रुपये में है। कुल मिलाकर, कई कर्मचारियों की इक्विटी वैल्यू 1 करोड़ रुपये से अधिक तक पहुंच चुकी है।

सैलरी स्ट्रक्चर में इक्विटी का बड़ा हिस्सा

Nvidia इंडिया में कर्मचारियों के कुल वेतन (कंपनसेशन) में इक्विटी यानी शेयर का हिस्सा काफी बड़ा है। ये कुल पैकेज का 50% से 75% तक हो सकता है। खासतौर पर टॉप इंजीनियर्स को स्टॉक अवॉर्ड के साथ सालाना 2 से 3 करोड़ रुपये तक का पैकेज मिल सकता है।

अलग-अलग स्तर पर सैलरी

रिपोर्ट के अनुसार, एनवीडिया में कर्मचारियों की सैलरी उनके अनुभव और भूमिका के अनुसार तय होती है:

  • एंट्री लेवल (IC1): 10 से 22 लाख रुपये सालाना
  • IC2 लेवल: 23 से 32 लाख रुपये
  • मिड लेवल (IC3): 27 से 51 लाख रुपये
  • टॉप परफॉर्मर: 85 लाख रुपये तक
  • सीनियर इंजीनियर (IC6): 1.8 करोड़ रुपये तक

कर्मचारियों के लिए बड़ा मौका

इस तरह के स्टॉक बोनस से कर्मचारियों को न केवल तत्काल लाभ मिलता है, बल्कि लंबे समय में कंपनी की ग्रोथ के साथ उनकी कमाई भी बढ़ती है। Nvidia का ये कदम भारत में टेक टैलेंट को बनाए रखने और आकर्षित करने की दिशा में एक बड़ा संकेत माना जा रहा है।

कुल मिलाकर, यह बोनस स्कीम भारतीय कर्मचारियों के लिए एक बड़ी आर्थिक बढ़त साबित हो सकती है, खासकर उन लोगों के लिए जो लंबे समय तक कंपनी के साथ जुड़े रहते हैं।

You may also like