देश-विदेश

शादी में हावरबोर्ड पर सर्विंग का वीडियो वायरल, लोगों ने बताया ‘अमीरी का दिखावा’

हावरबोर्ड

शादी को खास और यादगार बनाने के लिए लोग आजकल नए-नए प्रयोग कर रहे हैं। महंगे कपड़े, शानदार सजावट और डेस्टिनेशन वेडिंग के बीच अब टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल भी तेजी से बढ़ रहा है। इसी कड़ी में एक अनोखी शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हावरबोर्ड पर खड़े होकर लड़कियां मेहमानों को खाना और ड्रिंक्स सर्व करती नजर आ रही हैं।

शादी में हावरबोर्ड पर सर्विंग का वीडियो वायरल, लोगों ने बताया ‘अमीरी का दिखावा’

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि शादी पारंपरिक अंदाज में हो रही है, लेकिन सर्विंग का तरीका पूरी तरह मॉडर्न है। कुछ लड़कियां शॉर्ट और स्टाइलिश ड्रेस पहनकर हावरबोर्ड पर बैलेंस बनाते हुए मेहमानों को ड्रिंक्स परोस रही हैं। आमतौर पर हावरबोर्ड का इस्तेमाल मनोरंजन या घूमने-फिरने के लिए किया जाता है, लेकिन इस शादी में इसे सर्विंग के लिए इस्तेमाल करना लोगों के लिए हैरानी का विषय बन गया है।

इस अनोखे आइडिया को जहां कुछ लोग क्रिएटिव और अलग मान रहे हैं, वहीं सोशल मीडिया पर कई यूजर्स इसे ‘दिखावा’ भी बता रहे हैं। लोगों का कहना है कि शादी को खास बनाने के चक्कर में जरूरत से ज्यादा दिखावा किया जा रहा है। एक यूजर ने टिप्पणी करते हुए लिखा कि अगर सर्विंग के दौरान कुछ गिर जाता, तो ये काफी शर्मनाक स्थिति बन सकती थी।

वीडियो में एक और बात जिसने लोगों का ध्यान खींचा, वो ये थी कि जहां एक तरफ हाईटेक सर्विंग हो रही है, वहीं दूसरी तरफ एक महिला झाड़ू लगाते हुए भी नजर आ रही है। इस विरोधाभास को लेकर भी यूजर्स ने मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ लोगों ने तंज कसते हुए कहा कि अगर इतना ही मॉडर्न होना था, तो रोबोट वैक्यूम क्लीनर का भी इस्तेमाल कर लिया जाता।

कुल मिलाकर ये वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है। कुछ लोग इसे नई सोच और प्रयोग मान रहे हैं, तो कुछ इसे सिर्फ अमीरी दिखाने का तरीका बता रहे हैं।

ये भी पढ़ें: मराठी अनिवार्यता पर शिवसेना का नरम रुख: ड्राइवरों को मिले और समय, ‘जबरदस्ती नहीं समझदारी जरूरी’

You may also like