गर्मियों के मौसम में तेज धूप, गर्म हवाएं और बढ़ता तापमान लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन जाता है। ऐसे में खुद को लू (हीटस्ट्रोक) से बचाने के लिए लोग कई घरेलू उपाय अपनाते हैं। इन्हीं में से एक पुराना और काफी प्रचलित नुस्खा है जेब में प्याज रखना या कच्चा प्याज खाना। लेकिन सवाल ये है कि क्या ये तरीका सच में असरदार है या सिर्फ एक पारंपरिक मान्यता?
लू (हीटस्ट्रोक) क्या होता है?
लू या हीटस्ट्रोक तब होता है जब शरीर का तापमान बहुत ज्यादा बढ़ जाता है और शरीर का कूलिंग सिस्टम यानी पसीना आना सही से काम नहीं करता। ये एक गंभीर स्थिति हो सकती है।
मुख्य लक्षण:
- चक्कर आना
- सिर दर्द
- उल्टी या मितली
- बहुत ज्यादा पसीना या बिल्कुल पसीना न आना
- बेहोशी या गंभीर स्थिति में कोमा
ऐसे समय में शरीर को तुरंत ठंडा करना और पानी व इलेक्ट्रोलाइट्स देना बेहद जरूरी होता है।
क्या प्याज लू से बचाता है?
प्याज को लेकर ये धारणा लंबे समय से चली आ रही है कि इसे खाने या जेब में रखने से लू नहीं लगती। हालांकि, मेडिकल साइंस इस दावे को पूरी तरह सही नहीं मानता। डॉक्टरों के अनुसार, लू से बचाव का असली तरीका शरीर को ठंडा रखना, पर्याप्त पानी पीना और धूप से बचना है। प्याज में पानी और कुछ पोषक तत्व जरूर होते हैं, जो शरीर को हल्का सहारा दे सकते हैं, लेकिन ये हीटस्ट्रोक से बचाने का वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित उपाय नहीं है।
प्याज खाने के फायदे
गर्मियों में कच्चा प्याज सीमित मात्रा में खाने से कुछ लाभ मिल सकते हैं, जैसे – शरीर को हल्की ठंडक का अहसास, पाचन में सुधार, इम्युनिटी को सपोर्ट और इड्रेशन में थोड़ी मदद। प्याज में विटामिन C, B6, पोटेशियम, मैग्नीशियम और एंटीऑक्सीडेंट (जैसे क्वेरसेटिन) पाए जाते हैं, जो शरीर के लिए फायदेमंद होते हैं।
ज्यादा प्याज खाने के नुकसान
हालांकि, अधिक मात्रा में प्याज खाना नुकसानदायक भी हो सकता है, जैसे – गैस और एसिडिटी, पेट फूलना और कुछ लोगों में शरीर में गर्मी बढ़ने की शिकायत। इसलिए प्याज को संतुलित मात्रा में ही खाना चाहिए। तीखापन कम करने के लिए इसे पानी या सिरके में भिगोकर खाया जा सकता है।
आयुर्वेद क्या कहता है?
आयुर्वेद में प्याज को ठंडक देने वाला माना गया है। इसमें भुना प्याज, प्याज की चटनी या रस जैसे घरेलू उपाय बताए गए हैं, जो शरीर को गर्मी से राहत देने में मदद कर सकते हैं।
लू से बचने के सही और प्रभावी तरीके
- दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और इलेक्ट्रोलाइट्स का ध्यान रखें।
- नारियल पानी, छाछ, लस्सी और आम पन्ना जैसे पेय पदार्थ लें।
- तरबूज, खीरा और मौसमी फल खाएं।
- हल्के, ढीले और हल्के रंग के कपड़े पहनें।
- दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें।
- बाहर जाते समय सिर और चेहरे को ढककर रखें।
- कमजोरी या चक्कर महसूस होने पर तुरंत ORS या नमक-चीनी का घोल लें।
प्याज खाने से कुछ हद तक शरीर को फायदा मिल सकता है, लेकिन ये लू से बचाने का पुख्ता या वैज्ञानिक तरीका नहीं है। इसलिए सिर्फ इस घरेलू नुस्खे पर निर्भर रहने के बजाय सही खानपान, पर्याप्त पानी और धूप से बचाव जैसे उपाय अपनाना ही सबसे सुरक्षित और प्रभावी तरीका है।
ये भी पढ़ें: चौंकाने वाली रिपोर्ट: टाइप 2 डायबिटीज में भारत सबसे आगे, खतरे की घंटी






























