बेंगलुरु के एक युवा कपल ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों को हैरान और प्रेरित दोनों कर दिया है। दानिश अब्दी और वृषाली प्रसाद नाम के इस दंपत्ति ने श्रीलंका से भारत तक खुले समुद्र में तैरकर एक नया रिकॉर्ड बनाया है। बताया जा रहा है कि किसी कपल द्वारा पहली बार इस तरह की चुनौती पूरी की गई है।
दोनों ने हिंद महासागर में ऐतिहासिक राम सेतु मार्ग पर लगभग 32 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए श्रीलंका के तलाईमन्नार से भारत के धनुष्कोडी तक सफल तैराकी की। इस कठिन सफर को पूरा करने में उन्हें करीब 10 घंटे 45 मिनट का समय लगा।
खुले समुद्र में पूरा किया कठिन मिशन
ये तैराकी सामान्य स्विमिंग प्रतियोगिता नहीं थी, बल्कि खुले समुद्र में लंबी दूरी की चुनौती थी। समुद्र की तेज लहरें, बदलता मौसम और लगातार कई घंटों तक पानी में बने रहना इस यात्रा को बेहद कठिन बना रहा था। इसके बावजूद दोनों ने मजबूत इच्छाशक्ति और शानदार तालमेल के दम पर ये मिशन पूरा कर लिया।
इस उपलब्धि के बाद सोशल मीडिया पर कपल की जमकर तारीफ हो रही है। लोगों ने इसे साहस, फिटनेस और समर्पण का बेहतरीन उदाहरण बताया।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो
इस उपलब्धि का वीडियो इंस्टाग्राम पर @our.life.in.miles नाम के अकाउंट से शेयर किया गया। वीडियो के साथ कपल ने लिखा, “हमने कर दिखाया! श्रीलंका से भारत। 10 घंटे 45 मिनट। पानी में बेहद कठिन दिन था। 12 घंटे बिना अलार्म के सोने के बाद जल्द और जानकारी साझा करेंगे।”
View this post on Instagram
पोस्ट वायरल होते ही हजारों लोगों ने उन्हें बधाई दी। कमेंट सेक्शन में यूजर्स ने “अद्भुत”, “प्रेरणादायक” और “गर्व का पल” जैसे शब्दों के साथ उनकी हौसला अफजाई की।
पहले भी कर चुके हैं समुद्री तैराकी
जानकारी के अनुसार, दानिश और वृषाली आईटी इंडस्ट्री में काम करते हैं और दोनों की उम्र लगभग 30 साल के आसपास है। इससे पहले भी दोनों हिंद महासागर में रिले स्विमिंग इवेंट्स में हिस्सा ले चुके हैं। हालांकि, एक कपल के रूप में ये उनकी पहली लंबी दूरी की ओपन वॉटर स्विमिंग थी।
तैराकी से पहले दोनों ने कोलंबो में मीडिया से बातचीत के दौरान अपनी तैयारी, फिटनेस और इस चुनौती के पीछे की प्रेरणा के बारे में जानकारी दी थी।
अस्पताल समर्थित पहल का हिस्सा थी तैराकी
ये पूरा अभियान एक अस्पताल द्वारा समर्थित विशेष पहल का हिस्सा था। इस मिशन का उद्देश्य न केवल साहसिक खेलों को बढ़ावा देना था, बल्कि लोगों को फिटनेस और मानसिक मजबूती के प्रति भी जागरूक करना था।
राम सेतु मार्ग पर की गई ये तैराकी अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इस कपल की उपलब्धि को भारतीय युवाओं के लिए प्रेरणा बता रहे हैं।
ये भी पढ़ें: आखिर एक दर्जन में 12 चीजें ही क्यों होती हैं? जानिए इसके पीछे का दिलचस्प गणित























