सियोल: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में जहां लोग नींद पूरी नहीं कर पा रहे हैं, वहीं दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में एक ऐसी अनोखी प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इस प्रतियोगिता में जो व्यक्ति सबसे ज्यादा और सबसे गहरी नींद सोया, उसे विजेता घोषित किया गया।
सोशल मीडिया पर इस अनोखे इवेंट का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दर्जनों लोग पार्क में खुले आसमान के नीचे गहरी नींद में सोते दिखाई दे रहे हैं। इस अनोखी प्रतियोगिता को देखने के बाद लोग हैरानी भी जता रहे हैं और मजेदार प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं।
सियोल में हुआ ‘पावर नैप कॉन्टेस्ट’
ये अनोखी प्रतियोगिता दक्षिण कोरिया के सियोल शहर में हान नदी के किनारे बने एक पार्क में आयोजित की गई। शहर प्रशासन द्वारा आयोजित इस ‘पावर नैप कॉन्टेस्ट’ का मकसद लोगों को नींद की कमी और खराब लाइफस्टाइल के प्रति जागरूक करना था।
प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। आयोजकों के अनुसार, इसमें वही लोग शामिल हो सकते थे जो काम के दबाव, तनाव और नींद की कमी से परेशान हों। प्रतियोगियों को मजेदार ड्रेस कोड भी दिया गया था, जिसमें “थकी हुई राजकुमारी” और “थके हुए राजकुमार” जैसी थीम पर कपड़े पहनना जरूरी था।
सबसे गहरी नींद सोने वाला बना विजेता
प्रतियोगिता की सबसे दिलचस्प बात ये रही कि इसमें विजेता कोई युवा नहीं बल्कि 80 साल के बुजुर्ग बने। आयोजकों ने प्रतियोगियों की हार्ट रेट और नींद की गहराई को मॉनिटर कर तय किया कि कौन सबसे अच्छी नींद ले रहा है।
दूसरे स्थान पर 37 वर्षीय ऑफिस कर्मचारी ह्वांग डू-सॉन्ग रहे। उन्होंने बताया कि लगातार नाइट शिफ्ट और लंबी ड्राइव के बाद वो काफी थक चुके थे। पार्क की ठंडी हवा और शांत माहौल ने उन्हें गहरी नींद में पहुंचा दिया।
¿Dormir como acto de rebeldía? 😴🇰🇷 En Seúl, cientos de personas se reunieron en el río Han para el «Power Nap Contest». En uno de los países con más privación de sueño del mundo, la mejor siesta no es un lujo, ¡es una competición! El descanso también es un derecho. #CoreaDelSur… pic.twitter.com/KpVF2SRzfY
— News Day Mundo (@NewsDayMundo) May 3, 2026
कम नींद की समस्या से जूझ रहा है दक्षिण कोरिया
दक्षिण कोरिया को दुनिया के सबसे मेहनती देशों में गिना जाता है। यहां लोग लंबे समय तक काम करते हैं और अक्सर पर्याप्त नींद नहीं ले पाते। रिपोर्ट्स के अनुसार, देश के कई युवा तनाव, वर्क प्रेशर और अनियमित लाइफस्टाइल की वजह से नींद की समस्याओं का सामना कर रहे हैं।
इसी समस्या की ओर लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए प्रशासन ने इस अनोखी प्रतियोगिता का आयोजन किया।
सोशल मीडिया पर आई मजेदार प्रतिक्रियाएं
जैसे ही इस प्रतियोगिता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, लोगों ने मजेदार कमेंट्स करने शुरू कर दिए। एक यूजर ने लिखा, “अगर ऐसी प्रतियोगिता भारत में हो जाए तो सभी लोग फर्स्ट आएंगे।” वहीं दूसरे यूजर ने मजाक में कहा, “ये तो दुनिया की सबसे आरामदायक प्रतियोगिता है।”
कई लोगों ने इसे तनाव भरी जिंदगी में मानसिक स्वास्थ्य और आराम के महत्व को समझाने वाला अनोखा तरीका भी बताया।
लोगों को मिला खास संदेश
ये प्रतियोगिता सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं थी, बल्कि इसके जरिए ये संदेश देने की कोशिश की गई कि अच्छी नींद स्वस्थ जीवन के लिए बेहद जरूरी है। डॉक्टरों के अनुसार, लगातार कम नींद लेने से मानसिक तनाव, थकान और कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
ये भी पढ़ें: झारखंड के 7 वर्षीय ईशांक सिंह ने रचा इतिहास, बने Palk Strait पार करने वाले सबसे कम उम्र के तैराक

























