महाराष्ट्र

महाराष्ट्र में दिल दहला देने वाली घटना! पिता ने 4 बच्चों संग कुएं में कूदकर दी जान

महाराष्ट्र
Image Source - Web

महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के जलगांव जामोद तालुका से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। राजुरा बांध इलाके के एक कुएं में पिता और उसके चार बच्चों के शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में शोक और सदमे का माहौल है।

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान विजय मुसा किराडिया के रूप में हुई है। इस हादसे में उनके चार बच्चे प्रीति, प्राची, पूर्वी और पियुष की भी मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और सभी शवों को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।

शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि पारिवारिक तनाव और मानसिक दबाव के चलते ये घटना हुई। बताया जा रहा है कि घटना से पहले परिवार में घरेलू विवाद हुआ था, जिसके बाद मृतक की पत्नी मायके चली गई थी। इसके बाद घर का माहौल लगातार तनावपूर्ण बना हुआ था।

स्थानीय लोगों के अनुसार परिवार आर्थिक परेशानियों से भी जूझ रहा था। पुलिस अब ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के पीछे असली वजह क्या थी और किन परिस्थितियों में ये कदम उठाया गया।

घटना के बाद पूरे इलाके में गहरा दुख फैल गया है। गांव के लोगों का कहना है कि परिवार लंबे समय से कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहा था।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं को समझा जा सके।

ये भी पढ़ें: गुरुग्राम में सनसनी! घर के अंदर मिला महिला का शव, पति और लिव-इन पार्टनर फरार

You may also like