भारत इस साल के कान्स फिल्म फेस्टिवल (77वें संस्करण) में एक खास आयोजन करने जा रहा है। इसका नाम है ‘भारत पर्व’। इस आयोजन में दुनियाभर के प्रतिष्ठित लोग और फिल्म जगत की हस्तियां हिस्सा लेंगी। भारत यहां अपनी रचनात्मक क्षमता और फिल्म निर्माण के नए मौकों से सबको रूबरू कराएगा।
सूचना और प्रसारण मंत्रालय की तरफ से जारी जानकारी के मुताबिक, इस प्रतिष्ठित फिल्म समारोह में भारत सरकार और फिल्म इंडस्ट्री के कई प्रतिनिधि देश की क्रिएटिव इकोनॉमी (रचनात्मक अर्थव्यवस्था) को प्रदर्शित करेंगे।
भारत पर्व में क्या होगा खास?
गौरतलब है कि भारत पहली बार कान्स फिल्म फेस्टिवल में ‘भारत पर्व’ का आयोजन कर रहा है। इस आयोजन का मकसद दुनियाभर के फिल्म सितारों, फिल्मकारों, निर्देशकों, निर्माताओं, खरीदारों और विक्रेताओं से जुड़ना तथा भारत में मौजूद रचनात्मक प्रतिभाओं को विश्व के सामने लाना है।
गोवा में 20-28 नवंबर 2024 को होने वाले 55वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) का पोस्टर और ट्रेलर भी ‘भारत पर्व’ में जारी किया जाएगा।
भारतीय फिल्मों का जलवा
कान्स फिल्म फेस्टिवल में कई भारतीय फिल्में भी दिखाई जाएंगी। इनमें से कुछ खास हैं:
ऑल वी इमेजिन एज लाइट (पायल कपाड़िया): यह फिल्म कान्स के प्रतिष्ठित पुरस्कार ‘पाल्मे डी’ओर (Palme d’Or)’ की दौड़ में है।
संतोष (संध्या सूरी )
सिस्टर मिडनाइट (करण कंधारी)
सनफ्लॉवर्स वेयर द फर्स्ट वन्स टू नो (एफटीआईआई के छात्रों की फिल्म)
भारत का ये आयोजन देश को फिल्म निर्माण के क्षेत्र में एक वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। ‘भारत पर्व’ फिल्म जगत से जुड़े लोगों के लिए भारत के साथ काम करने के नए मौके खोलेगा।
कान्स फिल्म फेस्टिवल में भारत के कई राज्यों के भी प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इनमें गोवा, महाराष्ट्र, जम्मू और कश्मीर, कर्नाटक, झारखंड और दिल्ली शामिल हैं। इसके अलावा ‘भारत पर्व’ में कई चर्चा सत्र भी होंगे, जिनमें भारत में फिल्म निर्माण, अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह, विदेशी फिल्म निर्माताओं के साथ सहयोग जैसे विषयों पर बात होगी।
प्रसिद्ध भारतीय सिनेमेटोग्राफर संतोष सिवन को इस फिल्म समारोह में ‘पियरे एंजिनॉक्स ट्रिब्यूट’ से सम्मानित किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: ‘बिग बॉस’ के एक्स-कंटेस्टेंट अब्दु रोज़िक जल्द बनने जा रहे हैं दूल्हा, इस दिन रचाएंगे शादी, खुद किया खुलासा