शनिवार को सुबह 11:41 बजे देशभर में लाखों मोबाइल फोन पर अचानक अलर्ट मैसेज और सायरन की आवाज सुनाई दी, जिससे कई लोग घबरा गए। हालांकि, ये सायरन अलर्ट कोई वास्तविक खतरे का संकेत नहीं था, बल्कि भारत सरकार द्वारा अपने नए आपदा चेतावनी सिस्टम की टेस्टिंग का हिस्सा था।
क्या था मैसेज में?
सरकार द्वारा भेजे गए इस अलर्ट मैसेज में लिखा था कि भारत ने नागरिकों के लिए तत्काल आपदा चेतावनी सेवा शुरू करने के लिए स्वदेशी तकनीक पर आधारित सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम लॉन्च किया है। साथ ही ये भी स्पष्ट किया गया कि ये केवल एक टेस्ट मैसेज है और लोगों को किसी तरह की कार्रवाई करने की आवश्यकता नहीं है।
कब और किसने लॉन्च किया सिस्टम?
ये मोबाइल-आधारित डिजास्टर कम्युनिकेशन सिस्टम 2 मई 2026 को लॉन्च किया गया। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah और केंद्रीय संचार मंत्री Jyotiraditya Scindia मौजूद थे।
इस सिस्टम को Department of Telecommunications ने National Disaster Management Authority के साथ मिलकर विकसित किया है।
कहां हुई टेस्टिंग?
ये अलर्ट मैसेज राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के आपदा प्रबंधन अधिकारियों, राहत आयुक्तों और आपदा प्रतिक्रिया बलों के वार्षिक सम्मेलन 2026 के दौरान टेस्ट किया गया। इसका उद्देश्य ये सुनिश्चित करना था कि आपात स्थिति में संदेश तुरंत हर नागरिक तक पहुंच सके।
क्यों जरूरी है ये सिस्टम?
सरकार का मानना है कि किसी भी आपदा या संकट की स्थिति में समय पर सूचना पहुंचाना सबसे जरूरी होता है। मोबाइल फोन आज सबसे तेज और प्रभावी माध्यम है, जिसके जरिए लोगों को तुरंत अलर्ट किया जा सकता है।
इसी को ध्यान में रखते हुए इस सिस्टम की टेस्टिंग की गई, ताकि भविष्य में भूकंप, बाढ़, तूफान या अन्य आपदाओं के दौरान लोगों को समय रहते चेतावनी दी जा सके।
घबराने की जरूरत नहीं
अगर आपके फोन पर भी ये अलर्ट आया था, तो चिंता की कोई बात नहीं है। ये केवल एक परीक्षण संदेश था, जिसका मकसद देश को आपात स्थितियों के लिए बेहतर तरीके से तैयार करना है।
ये भी पढ़ें: LPG कनेक्शन को लेकर नया नियम: KYC और आधार लिंकिंग जरूरी, नहीं किया तो बंद हो सकती है गैस सेवा































