मुंबई

मुंबई में बढ़ा गर्मी का कहर, रत्नागिरी और सोलापुर का भी चढ़ा पारा

मुंबई
Image Source - Web

मुंबई का मौसम हमेशा से अपनी इस खासियत के लिए जाना जाता रहा है कि, यहां न ज्यादा गर्मी, न ज्यादा सर्दी पड़ती है। शहर में आने वाले लोग अक्सर इसके सुहाने मौसम की तारीफ करते थे। लेकिन अब मुंबई और इसके आसपास के इलाकों में बढ़ती गर्मी लोगों को डरा रही है।

पिछले 5 सालों में पहली बार ऐसा देखने को मिल रहा है कि मुंबई में फरवरी महीने में ही तापमान 38-39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। दिन में 11 बजे के बाद ही लू जैसी गर्मी महसूस की जा रही है, और लोग धूप से बचने के लिए अलग-अलग उपाय अपना रहे हैं।

ऐसे में लोग ये सोचकर परेशान हैं कि, जब फरवरी में ही पारा 39 डिग्री के करीब पहुंच चुका है, तो अप्रैल और मई में क्या हालात होंगे? बता दें कि 26 फरवरी को सांताक्रूज में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, ठाणे में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, 27 फरवरी को भी यही स्थिति रहने की संभावना है।

गौरतलब है कि हीटवेव का असर सिर्फ मुंबई तक सीमित नहीं है, बल्कि महाराष्ट्र के कई शहरों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है। सांताक्रूज में तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, ठाणे में 39 डिग्री सेल्सियस, नवी मुंबई में 38 डिग्री, रत्नागिरी में 37.2 डिग्री, पालघर के दहानू में 38.2 डिग्री, सोलापुर में 36.9 डिग्री और पणजी (गोवा) में 37.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

हैरानी की बात है कि, जो कोंकण क्षेत्र अपनी हरियाली और ठंडे मौसम के लिए जाना जाता रहा है, इस बार वहां भी असामान्य रूप से तापमान बढ़ा हुआ है। निश्चित रूप से ये बदलाव पर्यावरण असंतुलन और जलवायु परिवर्तन का संकेत दे सकता है।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतनी होगी। इसके लिए जरूरी है कि, धूप में बेवजह बाहर न निकलें, भरपूर पानी पिएं और हाइड्रेटेड रहें। हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनें। ज्यादा समय तक सीधे सूर्य की रोशनी में न रहें और जरूरी हो तो सनस्क्रीन और छाते का इस्तेमाल करें।

ये भी पढ़ें: इस देश में चमगादड़ खाने से हुई 53 लोगों की मौत! मचा हाहाकार

You may also like