आंध्र प्रदेश के गुडूर गांव ने बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक अनोखी पहल की है। गांव में अब किसी भी प्रकार के आइस्क्रीम ठेले पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। नियम का उल्लंघन करने पर दोषी पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
गांव की सीमा पर चेतावनी बोर्ड भी लगाया गया है, जिसमें साफ लिखा है कि कोई भी आइसक्रीम विक्रेता गांव की सीमा में प्रवेश न करे। ये फैसला गांव के सभी लोगों ने सर्वसम्मति से लिया है और अब ये पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।
क्यों लगाया गया प्रतिबंध?
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से गांव में आइसक्रीम ठेले आ गए थे, जिनके कारण छोटे बच्चों की सेहत पर नकारात्मक असर पड़ने लगा। बच्चों में दांतों की समस्या और पाचन संबंधी दिक्कतें बढ़ गई थीं। ग्रामीणों का मानना है कि इन आइसक्रीम में मिलावटी रसायन और कृत्रिम रंगों का इस्तेमाल किया जा रहा था।
बिना लाइसेंस बिक रही आइसक्रीम
स्थानीय लोगों के अनुसार, कई विक्रेता बिना लाइसेंस के सस्ती आइस्क्रीम बनाकर गांव में बेचते हैं। बच्चों के लिए ये आकर्षक होती है और जल्दी ही वे इसके आदी हो जाते हैं। इसी कारण से गांव के बुजुर्गों ने करीब एक सप्ताह पहले ये सख्त कदम उठाया।
पहले भी उठाया था अनोखा कदम
गुडूर गांव ने इससे पहले भी सामाजिक समस्याओं को लेकर सक्रिय भूमिका निभाई है। गांव के लोगों ने पहले मिलकर शराब की दुकान हटवाई थी, जो स्थानीय असामाजिक गतिविधियों का केंद्र बन गई थी।
सामाजिक पहल का सकारात्मक उदाहरण
गांव के लोगों की ये पहल अब एक सकारात्मक उदाहरण बनकर सामने आई है। बिना किसी सरकारी हस्तक्षेप के, ग्रामीणों ने बच्चों के स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ये कदम उठाया। ये घटना ये भी दर्शाती है कि ग्रामीण क्षेत्रों में मिलावटी खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूकता तेजी से बढ़ रही है।
गुडूर गांव का ये कदम दिखाता है कि समाज की सक्रिय भागीदारी और जागरूकता से स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्रभावी तरीके से सुनिश्चित किया जा सकता है। आइसक्रीम पर बैन के फैसले ने बच्चों और उनके परिवारों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया है।
ये भी पढ़ें: “ऑडिशन नहीं, कुंडली दिखाओ” – एक्ट्रेस Falak Naaz के खुलासे से मची हलचल































