देश की राजनीति के बीच एक अहम खबर सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) आज रात 8:30 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। ये संबोधन ऐसे समय पर हो रहा है जब संसद में महिला आरक्षण विधेयक को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी टकराव की स्थिति बनी हुई है।
महत्वपूर्ण समय पर पीएम का संबोधन
प्रधानमंत्री का ये संबोधन ऐसे राजनीतिक माहौल में होने जा रहा है, जब हाल ही में लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक पारित नहीं हो सका। ये बिल महिला आरक्षण कानून में संशोधन और उसे लागू करने की प्रक्रिया से जुड़ा था। इस घटनाक्रम के बाद केंद्र सरकार को बड़ा झटका लगा है और अब पीएम मोदी का संबोधन बेहद अहम माना जा रहा है।हालांकि सरकार की ओर से संबोधन की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है, लेकिन इसके विषय को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी साझा नहीं की गई है। ऐसे में देशभर की निगाहें इस भाषण पर टिकी हुई हैं।
महिला आरक्षण पर सियासी घमासान
महिला आरक्षण विधेयक को लेकर संसद में हुई बहस के दौरान विपक्षी दलों ने सरकार के प्रस्ताव का विरोध किया था, जिसके चलते ये विधेयक पारित नहीं हो सका। सरकार का लक्ष्य था कि 2029 तक संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए और लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 816 की जाए। इस मुद्दे पर केंद्र सरकार और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है।
विपक्ष पर पीएम मोदी का हमला
कैबिनेट बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) विपक्ष पर जमकर हमलावर नजर आए। उन्होंने महिला आरक्षण बिल का समर्थन न करने को महिलाओं के खिलाफ कदम बताया। पीएम मोदी ने इसे विपक्ष की “बड़ी गलती” करार दिया और कहा कि आने वाले समय में उन्हें इसकी राजनीतिक कीमत चुकानी पड़ सकती है।उन्होंने ये भी जोर देकर कहा कि विपक्ष के इस रवैये का संदेश देश के हर गांव तक पहुंचाया जाना चाहिए, ताकि जनता सच्चाई को समझ सके।
सरकार का रुख स्पष्ट
विधेयक पारित न होने के बावजूद केंद्र सरकार ने साफ संकेत दिया है कि वो महिलाओं को अधिकार दिलाने के अपने प्रयास जारी रखेगी। सरकार इस मुद्दे को लेकर पीछे हटने के मूड में नहीं है और भविष्य में इसे फिर से लाने की संभावना जताई जा रही है।
क्या हो सकता है संबोधन का एजेंडा?
विशेषज्ञों का मानना है कि प्रधानमंत्री अपने संबोधन में महिला आरक्षण, राजनीतिक स्थिति और सरकार की आगे की रणनीति पर प्रकाश डाल सकते हैं। इसके अलावा देश की वर्तमान परिस्थितियों को लेकर भी महत्वपूर्ण संदेश दिया जा सकता है।पीएम मोदी (PM Modi) का आज रात होने वाला संबोधन राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। महिला आरक्षण विधेयक को लेकर बनी स्थिति के बीच ये भाषण आने वाले दिनों की राजनीति की दिशा तय कर सकता है। देशभर के लोग इस संबोधन का इंतजार कर रहे हैं, जिसमें कई अहम मुद्दों पर स्पष्टता मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: क्या हुआ महिला आरक्षण बिल का? जानें डिटेल में
























