Heatwave alert: मुंबई और आसपास के इलाकों में फरवरी के महीने में ही भीषण गर्मी का अहसास होने लगा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे, पालघर, नवी मुंबई और कोंकण क्षेत्र के अन्य जिलों के लिए हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में तापमान सामान्य से 6-7 डिग्री सेल्सियस अधिक बना रह सकता है, जिससे गर्मी और भी ज्यादा महसूस होगी।
फरवरी में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी
IMD की वैज्ञानिक सुषमा नायर के अनुसार, मंगलवार और बुधवार को मुंबई और आसपास के इलाकों में तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फरवरी में इतनी गर्मी असामान्य है और ये जलवायु परिवर्तन (Climate Change) के असर को दर्शाता है।
5 साल में सबसे गर्म फरवरी
मुंबई में इस फरवरी तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो कि पिछले पांच वर्षों में सबसे अधिक है। IMD के मुताबिक, सांताक्रूज़ वेधशाला में लगातार कई दिनों तक 36°C से अधिक तापमान दर्ज किया गया है।
14 फरवरी: तापमान 36.7°C (दो महीनों में सबसे ज्यादा)
4 दिसंबर 2024: तापमान 37.3°C
24 फरवरी: तापमान 36.3°C (सामान्य से 4.5°C अधिक)
अचानक क्यों बढ़ रही है मुंबई की गर्मी?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस बढ़ती गर्मी के पीछे कई कारण हैं –
समुद्री हवाओं में देरी – आमतौर पर दोपहर में ठंडी समुद्री हवाएं मुंबई की गर्मी को संतुलित कर देती हैं, लेकिन हाल के दिनों में इन हवाओं में देरी हो रही है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश से आ रही गर्म और शुष्क हवाएं – इन हवाओं के कारण मुंबई और कोंकण क्षेत्र में गर्मी और बढ़ गई है।
अरब सागर में बन रहा एंटीसाइक्लोन – इस सिस्टम की वजह से गर्म हवाएं लगातार मुंबई और आसपास के इलाकों में पहुंच रही हैं।
गर्मी से बचने के लिए क्या करें?
IMD ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है-
दिन में ज्यादा समय छांव में रहें।
ज्यादा से ज्यादा पानी और तरल पदार्थ पिएं।
हल्के और ढीले कपड़े पहनें।
दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें।
मुंबई में फरवरी में ही इतनी गर्मी देखी जा रही है, तो आने वाले मार्च, अप्रैल और मई के महीने और भी गर्म हो सकते हैं। ऐसे में गर्मी से बचाव के लिए पहले से तैयारी करना जरूरी है।
ये भी पढ़ें: Hair Loss Due to Government Grain: सरकारी अनाज बना आफत, महाराष्ट्र में झड़ने लगे लोगों के बाल?